It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

करवा चौथ आज : अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनों ने रखा व्रत
By Lokjeewan Daily - 10-10-2025

-  पूजा के बाद रात को चंद्रोदय का रहेगा बेसब्री से इंतजार
- सोलह श्रृंगार कर महिलाएं करेगी शिव-पार्वती की पूजा
भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा शहर सहित समूचे जिले में शुक्रवार को करवा चौथ का पावन पर्व पूरे उल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना को लेकर सुहागिनों ने सूर्योदय के साथ ही निर्जला व्रत का संकल्प लिया। हर घर में इस व्रत को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, जिसके चलते सुबह से ही उत्साह का माहौल बना हुआ है। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर रखे जाने वाले इस व्रत की शुरुआत सुहागिनों ने सूर्योदय से पूर्व सरगी ग्रहण कर की। दिनभर बिना जल और अन्न के निराहार रहकर महिलाएं व्रत के नियमों का पालन करेगी। भीलवाड़ा के गली-मोहल्लों से लेकर कॉलोनियों तक, हर जगह पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं की रौनक दिखाई देगी। शहर के मुख्य बाजारों में कल तक जो भीड़ श्रृंगार और पूजा सामग्री की खरीददारी के लिए उमड़ रही थी, वह आज आस्था और भक्ति में बदल गई है।

शहर में शुक्रवार शाम को  व्रत की मुख्य पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो जाएगा। महिलाएं  एक स्थान पर एकत्रित होकर करवा माता (मां पार्वती), भगवान शिव, गणेश जी और कार्तिकेय की पूजा  करेगी।  इस दौरान महिलाएं विधि-विधान से पूजा कर व्रत कथा सुनेगी और करवा बदल कर अपने पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना करेगी।  
चांद का रहेगा इंतजार, छलनी से होगा दीदार
दिनभर के निराहार व्रत के बाद,  सभी सुहागिनों को चन्द्रमा के उदय होने का बेसब्री से इंतजार रहेगा। भीलवाड़ा में चंद्रोदय का समय रात 8 बजकर 32 मिनट निर्धारित है। चंद्रमा के दर्शन के बाद ही व्रत का पारणा किया जाएगा। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार, चंद्रोदय होने पर महिलाएं अपनी छतों या आंगन में एकत्रित होंगी। वे चांद को अर्घ्य देकर, दीपक जलाकर पूजा करेंगी। इसके बाद, छलनी से पहले चंद्रमा का दर्शन करेंगी और फिर उसी छलनी से अपने पति का चेहरा निहारेंगी। पति अपने हाथों से पत्नी को जल पिलाकर उनका व्रत खुलवाएंगे। यह क्षण पति-पत्नी के प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक होता है। इस पर्व को लेकर नवविवाहित महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके लिए यह पहला करवा चौथ है, जिसके चलते बाजारों में भी सोने-चांदी के आभूषणों और उपहारों की खरीददारी जमकर हुई।  

अन्य सम्बंधित खबरे