It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

संजय कॉलोनी में मौत बनकर दौड़ा अवैध बजरी का ट्रैक्टर, दो बिजली के खंभे तोड़े, कई वाहन क्षतिग्रस्त।
By Lokjeewan Daily - 31-01-2026

-  मासूम बालिका और राहगीर मौत के मुंह से निकले
- भागते चालक और खलासी को किया पुलिस के हवाले
भीलवाड़ा लोकजीवन (लोकेश सोनी)। शहर की घनी आबादी वाली संजय कॉलोनी में आज उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौत बनकर गलियों में दौड़ी। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अनियंत्रित हुए इस ट्रैक्टर ने श्री गेस्ट हाउस के पास वाली गली में जबरदस्त टक्कर मारते हुए बिजली के दो खंभों को उखाड़ फेंका। गनीमत यह रही कि बिजली की लाइन चालू होने के बावजूद कोई इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली के तार टूटकर सडक़ पर गिर गए। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक मासूम बालिका और एक अन्य व्यक्ति ट्रैक्टर की सीधी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हादसे में गली में खड़ा एक स्कूटर पूरी तरह चकनाचूर हो गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर ट्रैक्टर की रफ्तार थोड़ी और ज्यादा होती, तो जान-माल का भारी नुकसान तय था।
चालक और साथी को घेरकर पकड़ा
हादसे के तुरंत बाद चालक और उसका साथी मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। लोगों ने भाग रहे आरोपियों को पकडक़र ट्रैक्टर रुकवाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में बजरी माफियाओं के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया।
चालक और सहयोगी हिरासत में
हंगामे की सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पकड़े गए चालक और उसके सहयोगी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और अब इस बात की जांच की जा रही है कि यह अवैध बजरी कहाँ से लाई जा रही थी और इस काले कारोबार का मुख्य सूत्रधार कौन है। 

अन्य सम्बंधित खबरे