It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

स्टेट हाईवे पर बजरी माफिया का आतंक, रोज फिसल रहे वाहन, हादसों का खतरा बढ़ा - टोल वसूली जारी, सडक़ सुरक्षा गायब
By Lokjeewan Daily - 02-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन (लोकेश सोनी)। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के त्रिवेणी काछोला स्थित स्टेट हाईवे-134 पर बजरी माफिया की लापरवाही अब आमजन की जान पर भारी पडऩे लगी है। गणेशपुर के पास तेज रफ्तार से दौड़ती बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों ने कार्रवाई के डर से बीच सडक़ पर ही बजरी खाली कर दी, जिससे पूरे हाईवे पर चारों ओर बजरी फैल गई है। बिखरी हुई बजरी के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन लगातार फिसल रहे हैं। खासतौर पर रात के समय और सुबह के वक्त कोहरे व कम दृश्यता के कारण हादसों की आशंका कई गुना बढ़ गई है। वाहन चालकों का कहना है कि अचानक ब्रेक लगाने या मोड़ पर वाहन संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई वाहन चालक चोटिल होने से बाल-बाल बचे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गोपालपुरा टोल प्लाजा पर नियमित रूप से टोल वसूली की जा रही है, लेकिन सडक़ की सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने में टोल एजेंसी पूरी तरह विफल साबित हो रही है। टोल वसूली के बावजूद सडक़ पर फैली बजरी को हटाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। वहीं, आरएसआरडीसी यूनिट भीलवाड़ा के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा भी इस मार्ग की प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है। इससे टोल प्लाजा क्षेत्र में अव्यवस्थाओं का अंबार लग गया है। हाईवे प्राधिकरण और संबंधित विभागों की उदासीनता से वाहन चालकों और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बजरी नहीं हटाई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ की तत्काल सफाई कराई जाए, बजरी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और टोल एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

अन्य सम्बंधित खबरे