It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

सेवा और स्वास्थ्य का महासंगम; दिव्यांग सहायता और दन्त चिकित्सा शिविर को लेकर बैठक कल
By Lokjeewan Daily - 05-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा द्वारा सेवा के क्षेत्र में दो बड़े आयाम स्थापित करने की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। परिषद द्वारा जहाँ एक ओर दिव्यांगजनों के लिए सेवा महाकुंभ का विशाल आयोजन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दन्त चिकित्सा विभाग, रामस्नेही चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में एक हाईटेक निशुल्क दन्त रोग चिकित्सा एवं परामर्श शिविर की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है। इन दोनों महत्वपूर्ण सेवा प्रकल्पों के सफल क्रियान्वयन और कार्यकर्ताओं के बीच कार्य विभाजन को लेकर आगामी 6 फरवरी, शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे रामधाम के पीछे, काशीपुरी वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में एक अति-महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल और शिविर संयोजक रजनीकांत आचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय मनीष काबरा की पावन स्मृति में आयोजित होने वाले दिव्यांग सहायता शिविर के साथ-साथ इस बार आमजन के स्वास्थ्य को समर्पित दन्त चिकित्सा शिविर भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। पोस्टर के अनुसार यह दन्त चिकित्सा शिविर 12 से 14 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक माहेश्वरी भवन में ही आयोजित होगा। इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें विश्वस्तरीय आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित एक मोबाइल वैन उपलब्ध रहेगी, जिसमें डॉ. वैभव पारीख और डॉ. दृष्टि शास्त्री के मार्गदर्शन में अनुभवी टीम द्वारा दांतों की सफाई, एक्स-रे और अन्य जटिल उपचार मौके पर ही निशुल्क किए जाएंगे। मरीजों को प्रारंभिक उपचार के लिए आवश्यक एक दिन की दवाई भी परिषद द्वारा मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी। दूसरी ओर, दिव्यांग सहायता शिविर को लेकर परिषद ने इस बार ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। महात्मा गांधी चिकित्सालय के विशेष सहयोग से शिविर स्थल पर ही विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगों का परीक्षण कर उनके  यूडीआईडी कार्ड बनाने और राजस्थान रोडवेज के रियायती पास जारी करने की प्रक्रिया ऑन द स्पॉट पूरी की जाएगी। इसके लिए पहली बार शिविर स्थल पर ई-मित्र काउंटर की व्यवस्था की गई है। शिविर संयोजक ने बताया कि तहसील स्तर पर किए गए सर्वे के अनुसार अब तक हजारों दिव्यांगों से संपर्क किया जा चुका है और परिषद का लक्ष्य 2000 से अधिक जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग, कैलिपर, व्हीलचेयर और दृष्टिबाधितों के लिए विशेष इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट स्टिक प्रदान करने का है। आगामी 6 फरवरी की बैठक में इन दोनों शिविरों की आवास, भोजन, पंजीकरण और वर्कशॉप जैसी विभिन्न समितियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। परिषद ने दन्त शिविर के लिए संपर्क सूत्र 9414111630, 9887102535 और 9929887725 जारी करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से बैठक में समय पर उपस्थित होने का आह्वान किया है ताकि सेवा के इस संकल्प को भव्यता के साथ पूर्ण किया जा सके।

अन्य सम्बंधित खबरे