It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

डीजीपी का मिशन क्लीन: सरहद पार बैठे अपराधियों पर भी कसा जाएगा शिकंजा, भारत लाने की तैयारी तेज
By Lokjeewan Daily - 09-02-2026

 -  स्थानीय मददगारों पर भी गिरेगी गाज, 

- विदेशी नेटवर्क की जड़ें खोदने उतरी पुलिस

भीलवाड़ा लोकजीवन । राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मीडिया से मुखातिब होते हुए संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो अपराधी विदेश में बैठकर राजस्थान में रंगदारी और संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत हर हाल में भारत वापस लाया जाएगा. डीजीपी ने कहा कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
डीजीपी शर्मा ने आगाह किया कि बिना स्थानीय मदद के कोई भी अपराधी प्रदेश में पैर नहीं पसार सकता. पुलिस उन स्थानीय सहयोगियों पर भी शिकंजा कस रही है जो विदेशी नेटवर्क को जड़ें जमाने में मदद करते हैं. विदेशी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए कानूनी और कूटनीतिक स्तर पर प्रयास जारी हैं.
कलेक्ट्रेक्ट सभागार में आयोजित अजमेर रेंज की अपराध समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी ने लंबित प्रकरणों और साइबर अपराधों पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने जांच अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों का लगातार फॉलोअप रखें और विवेचना में देरी बिल्कुल न करें. देरी से न केवल पीड़ित परेशान होता है, बल्कि पुलिस की छवि भी धूमिल होती है. साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करें. संगीन अपराधों में संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
पारदर्शिता और जनविश्वास पर जोर
पेपर लीक मामलों पर डीजीपी ने एसआईटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले अब सलाखों के पीछे हैं. उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि अब सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं. साथ ही, पुलिस थानों में आमजन के साथ दुर्व्यवहार करने वाले कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी गई है. उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग ही पुलिस को मजबूत बनाता है. बैठक और प्रेसवार्ता में एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वी.के. सिंह, अजमेर आईजी राजेंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप और भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह सहित रेंज के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य सम्बंधित खबरे