It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

महाशिवरात्रि पर हरणी महादेव में मेले की तैयारियां शुरू, लग रहे डोलर-चकरी
By Lokjeewan Daily - 12-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले भर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा। शिवभक्तों के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है। शहर के निकटवर्ती हरणी महादेव में मुख्य आयोजन होगा, जहां तीन दिवसीय मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले को आकर्षक बनाने के लिए आयोजन स्थल पर डॉलर झूले, चकरियां और विभिन्न अस्थायी दुकानें लगनी हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेले के दौरान भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम और कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम होंगे, जिनमें शिव महिमा का गुणगान किया जाएगा। पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहेगा। हरणी महादेव के साथ ही जिले के तिलस्वा महादेव और त्रिवेणी धाम पर भी मेले का आयोजन होगा। इन स्थलों पर श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करेंगे। प्रशासन यातायात, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम कर रहा हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के सभी शिवालयों के पट 24 घंटे खुले रहेंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान शिव का आठों प्रहर विशेष अभिषेक, रुद्रपाठ और महाआरती होगी। श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध और जल अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रशासन और आयोजन समितियां मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि महाशिवरात्रि का यह पर्व शांति, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो।

अन्य सम्बंधित खबरे