It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शराब समझकर पिया जहरीला केमिकल, 4 की मौत से कोहराम, एक महिला की हालत गंभीर
By Lokjeewan Daily - 13-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन । जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र के अलोली गांव में खुशियां मातम में बदल गईं। एक शादी समारोह से शराब समझकर लाया गया जहरीला केमिकल पांच लोगों के लिए काल बन गया। इस जानलेवा तरल को पीने से तीन महिलाओं सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक की लहर है। उधर पुलिस ने शहर के राजेंद्र मार्ग पर स्थित एक केमिकल की दूकान पर पहुंचकर पूछताछ भी की। जानकारी के अनुसार, अलोली निवासी हरदयाल सिंह के घर 10 फरवरी को शादी का कार्यक्रम था। समारोह में बर्तन साफ करने के लिए एक विशेष केमिकल मंगवाया गया था। वहां काम करने आए कुछ मजदूर सफाई के बाद लौटते समय उन बोतलों को शराब समझकर अपने साथ ले गए। गुरुवार शाम को जब इन लोगों ने घर पर इस केमिकल का सेवन किया, तो कुछ ही मिनटों में उनकी तबीयत बिगडऩे लगी। आनन-फानन में उन्हें गंगापुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान जमनी (60), रतन (42) और उनकी पत्नी सुशीला (40) ने दम तोड़ दिया। वहीं, भीलवाड़ा रेफर किए जाने के दौरान बादामी (60) की भी रास्ते में मौत हो गई। वर्तमान में सन्नू (22) नामक महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह  एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर केमिकल के नमूने लिए हैं। घटना स्थल पर जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू व जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि मृतकों ने खाने को गर्म करने वाले फ्यूल या बर्तन साफ करने वाले केमिकल को गलती से शराब समझ लिया था। मेडिकल ज्यूरिष्ट डॉक्टर चेतन जैन ने भी पोस्टमार्टम में पेट के अंदर जहरीला लिक्विड होने की पुष्टि की है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना की सही वजह स्पष्ट हो सके।

अन्य सम्बंधित खबरे