It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

बस से कार की टक्कर के बाद हंगामा, चालक की धुनाई, सर्किट हाउस के बाहर तनाव
By Lokjeewan Daily - 17-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के सामने मंगलवार को एक ट्रेवल्स बस और कार के बीच हुई मामूली भिड़ंत ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। हादसे के बाद आवेश में आए दर्जनों लोगों ने बस चालक को घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल गरमा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोशित लोग सर्किट हाउस के सामने संचालित ट्रेवल्स ऑफिस को बंद कराने पर अड़ गए। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र हो रहे लोगों को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सर्किट हाउस के सामने पाइपलाइन डालने का कार्य चलने के कारण सडक़ काफी संकरी हो गई है। व्यस्त मार्ग होने और जगह कम बचने के कारण आए दिन यहाँ छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। निर्माण कार्य की धीमी गति और सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने फिलहाल यातायात सुचारू करवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

अन्य सम्बंधित खबरे