It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

विरोध के बीच बाजारों में अतिक्रमणों पर गरजा पीला पंजा - व्यापारियों का तर्क-सीढिय़ां, रैंप तोडऩा और सीसी तक तोड़ रहे
By Lokjeewan Daily - 18-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। नगर निगम आज भी शहर के विभिन्न बाजारों में अस्थायी अतिक्रमणों पर कार्रवाई कर रहा है। आज सुबह अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सूचना केंद्र चौराहा, सूचना केंद्र के पीछे सहित विभिन्न बाजारों से अतिक्रमण हटाए।   दुकानों के बाहर बनी सीढिय़ां व रैंप भी तोड़ दिए। दुकानदारों द्वारा सामान रखकर किए अतिक्रमण को भी हटाया। इससे पहले निगम के दस्ते ने मुनादी कर दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे एक घंटे में दुकानों के बाहर रखा सामान या अन्य अतिक्रमण स्वयं हटा लें। इसके बाद जेसीबी का पीला पंजा गरजने लगा। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया। उनका कहना है कि नगर निगम का दस्ता दुकानों के बाहर से सीढिय़ां तोड़ रहा है, जिससे दुकान में ग्राहक कैसे चढ़ेंगे। कुछ दुकानदारों का यह भी कहना है कि होली के त्यौहारी सीजन से पहले  ये कार्रवाई उनके व्यापार को प्रभावित कर रही है। इससे व्यापारियों में निगम प्रशासन के प्रति रोष है। व्यापारी जितेंद्र दरियानी का कहना है कि बाजार अभी सुस्त है, ऐसे में अतिक्रमण के नाम पर पूरे शहर को अस्त व्यस्त कर दिया गया है। पहले एक एरिया में अतिक्रमण की कार्रवाई की जानी चाहिए, फिर उस एरिया में रिपेयरिंग वर्क होना चाहिए, उसके बाद आगे कार्रवाई करनी चाहिए। अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ कल व्यापारियों ने सदर बाजार से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली।  इनका नेतृत्व पीसीसी मेंबर मनोज पालीवाल ने किया। व्यापारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
उधर, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि कल प्रेमी चाट वाली गली, महावीर पार्क के चारों तरफ का संपूर्ण क्षेत्र, नेताजी सुभाष मार्केट, आईनॉक्स से सूचना केंद्र चौराहे तक  अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। 70 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण तोड़े गए। अभियान के तहत 17 फरवरी 2026 को 61 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक/प्लास्टिक कैरी बैग की जब्ती कर 39,200 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।  गंदगी एवं कचरा फैलाने वाले 113 व्यक्तियों पर 58,200 रुपए का जुर्माना किया गया। नगरीय विकास कर की  4.82 लाख रुपए की वसूली की गई। निगम आयुक्त ने बताया कि निगम द्वारा उक्त अभियान नियमित रूप से चलाया जाकर गंदगी फैलाने वालों एवं सिंगल यूज प्लास्टिक /प्लास्टिक कैरी बैग एवं अस्थाई अतिक्रमण पर नियमित रूप से कार्यवाही की जाएगी।

अन्य सम्बंधित खबरे