It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

ज्ञान, कौशल एवं चरित्र किसी भी राष्ट्र की प्रगति के आधार स्तंभ: बागड़े
By Lokjeewan Daily - 20-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन।  राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने कहा कि वर्तमान समय में बौद्धिक क्षमता व गुणवत्ता युक्त शिक्षा की अहम भूमिका है। यह मानवीय व्यवहार व आचरण को बेहतर बनाने में अमूल्य साबित होगी। उच्च शिक्षा के केंद्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में उत्कृष्टता के मानक स्थापित करें। राज्यपाल बागड़े आज संगम यूनिवर्सिटी के 12वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। बागड़े ने कहा कि ज्ञान, कौशल एवं चरित्र—ये तीनों तत्व किसी भी राष्ट्र की प्रगति के आधार स्तंभ हैं। युवा शक्ति को इन मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी को छत्रपति शिवाजी राव के जीवन मूल्यों पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश ने आत्मनिर्भर बनने के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, वर्तमान में बड़े सैन्य उपकरण, भारी मशीनरी का निर्माण देश में ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक उपलब्धि का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो विद्यार्थियों को जीवन के नए अध्याय में प्रवेश का अवसर प्रदान करता है।
राज्यपाल बागड़े ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के 30 स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा के विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं 31 शोधार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की।
लोकसभा सचेतक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में स्वयं की जड़ों को मजबूत रखना जरूरी है। जीवन मूल्यों, परंपराओं को साथ लेकर चले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने में सभी युवा वर्ग अपना सहयोग प्रदान करें। आईआईएम इंदौर के प्रोफेसर पीके सिंह ने कहा कि आज के समय में भाषाई दक्षता को मजबूत करना आवश्यक है। वर्तमान युग में तकनीक तीव्र गति से बदल रही है। उन्होंने सभी को तकनीकी विकास के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया।
संगम यूनिवर्सिटी के चेयरमैन रामपाल सोनी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है। विश्वविद्यालय का ध्येय है कि हर विद्यार्थी को व्यवहारिक ज्ञान व नवाचार के अवसर प्राप्त हो। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को छात्रवृति प्रदान की जाती है।
कुलगुरु करुणेश सक्सेना ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

शोभायात्रा निकाली, गार्ड ऑफ ऑनर दिया
समारोह के शुभारंभ पर शैक्षणिक शोभायात्रा निकाली गई। शुभारम्भ के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलन व राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा राज्यपाल बागड़े को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुलसचिव आलोक कुमार ने सभी अतिथियों का आभार जताया। पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विश्वविद्यालय के बोर्ड सदस्य, प्राध्यापक, अभिभावक एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सनातन मंगल महोत्सव में पहुंचे राज्यपाल
संगम यूनिवर्सिटी से राज्यपाल बागड़े हरिशेवा धाम सनातन मंदिर पहुंचे।  यहां आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के तहत चल रहे कार्यक्रमों में भाग लिया। यहां हरिशेवा धाम के महंत महामंडलेश्वर हंसराम जी उदासीन सहित आयोजन समिति ने उनका स्वागत किया।
सांसद, कलेक्टर, एसपी ने हेलीपेड पर की अगवानी
राज्यपाल बागड़े के पुलिस लाइन स्थित अस्थायी हेलीपेड पर पहुंचते ही लोकसभा सचेतक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने अगवानी की। सांसद कार्यालय प्रभारी प्रेमस्वरूप गर्ग, आरती कोगटा, ओम पाराशर, रोशन मेघवंशी, संगम ग्रुप के एमडी एसएन मोदानी व ईडी वीके सोडानी ने स्वागत किया। राज्यपाल को बुके देकर उपरणा ओढ़ाया। इसके बाद वे कार से संगम यूनिवर्सिटी गए।

अन्य सम्बंधित खबरे