It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मध्यप्रदेश के सीएम ने हरिशेवा धाम में सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षादान समारोह में लिया भाग, बोले आज अयोध्या मुस्कुरा रहा
By Lokjeewan Daily - 26-02-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन।  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि आज भगवान राम का धाम अयोध्या मुस्कुरा रहा है। जल्द ही भगवान कृष्ण का धाम (मथुरा) भी मुस्कुराएगा। चित्रकूट धाम एवं उज्जयनी (उज्जैन) भी अद्भुद् हो रहे हैं। जहां-जहां भी बाल कृष्ण लीलाएं हुई, वहां विकास किया जा रहा।
मध्यप्रदेश सीएम डॉ.यादव आज हरिशेवाधाम सनातन मंदिर में सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह  में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मंच से संत ने ‘अयोध्या तो बस झांकी है, मथुरा-काशी बाकी है, का नारा लगाया। सीएम डॉ.यादव ने 12 मिनट के भाषण में महाकाल, रामचंद्र भगवान, गोपाल कृष्ण भगवान, सनातन व संतों के जयकारे से की। मंचासीन संतों-महंतों को झुककर प्रणाम किया। फिर कहा- सनातन संस्कृति में हम त्रिदेव में से किसी को भजें, सब एक ही है। संतों की वजह से सनातन संस्कृति बढ़ रही। संतों के माध्यम से हमें देवताओं के दर्शन होते हैं।
सीएम यादव ने कहा-2028 में महाकाल की नगरी उज्जैन में कुंभ होगा। ये देश-दुनिया का सबसे बड़ा मेला है। मैं आप सब संतों व भक्तों को कुंभ में आने का निमंत्रण देता हूं। आपके बिना कुंभ मेला नहीं होने वाला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सनातन का दुनिया में डंका बजाने के लिए तारीफ की। उन्होंने जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए कहा कि ‘राम’ के रा से राजस्थान और म से मध्यप्रदेश जोड़ता हूं। एमपी सीएम डॉ.मोहन यादव ने राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा का नाम लेकर अभिनंदन किया। अपने संबोधन के अंत में जय श्री महाकाल, राम राम सा बोला। इसके बाद आज दीक्षा लेने वाले तीनों संतों संत ईशानराम जी उदासी, संत केशवराम जी उदासी व संत सूयज्ञराम जी उदासी का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि भीलवाड़ा धार्मिक नगरी है। नए संत सनातन संस्कृति का प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सनातन संस्कृति को मजबूत करने का काम किया। अयोध्या में राम मंदिर बनाने के सपने को साकार किया। लोकसभा सचेतक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि ये कार्यक्रम सनातन धर्म की मिसाल कायम होगा।  नए संत मिसाल कायम करेंगे, ऐसी अपेक्षा है। राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ जी महाराज ने समारोह में उपस्थित लोगों से सनातन, सनातन परंपरा व देश के लिए जागने का आह्वान किया। वे महिलाओं से बोले-आप पांच वर्ष की आयु में बच्चों को संत व गुरु की शरण में भेजने की कोशिश करें। हरिशेवा धाम के महंत महामंडलेश्वर हंसराम जी उदासीन ने कहा कि संत मांगने वाला नहीं होता, देने वाला होता है। संत को अर्पण करना है तो मन अर्पण करो। उन्होंने सीएम सहित अतिथियों को स्वागत कर स्मृति चिह्न भेंट किए। समारोह में संघ प्रचारक निंबाराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
तीन ब्रह्मचारियों को दिलाई दीक्षा
समारोह में सुबह तीनों दीक्षार्थियों इंद्रदेव, कुणाल व सिद्धार्थ को दीक्षा दिलाई गई। इंद्रदेव को संत ईशानराम, कुणाल को संत केशवराम और सिद्धार्थ को संत सूयज्ञराम उदासी नाम दिया गया। समारोह में आए संतों-महंतों ने तीनों संतों को माला व शॉल ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। इससे पहले तीनों के सांसारिक जीवन की पिंड क्रिया की गई।
इन संत-महंतों का मिला आशीर्वाद
काष्र्णि पीठाधीश्वर गुरुशरणानंद जी महाराज, शांतानंद जी महाराज, विवेकानंद जी महाराज, कपिल मुनि जी महाराज, भगवतस्वरूप जी महाराज, हितेषानंद जी महाराज, महंत लक्ष्मणदास जी त्याागी, बाबूगिरी जी महाराज, मोहनशरण जी शास्त्री, बनवारीशरण जी कांठियाबाबा, गोपालदास जी महाराज, रामदास रामायणी जी, रामस्नेही संत दिग्विजय राम जी, कथा वाचक डॉ.श्यामसुंदर पाराशर सहित अनेक संत-महंतों का आशीर्वाद मिला।

अन्य सम्बंधित खबरे