It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

होलिका दहन आज, कल धुलंडी, ड्रोन निगरानी में मनेगा रंगों का पर्व
By Lokjeewan Daily - 02-03-2026

- शाम 6.45 से रात 9 बजे तक शुभ मुहूर्त
-  हुड़दंगियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज़। जिले में रंगों के महापर्व की शुरुआत आज शाम होलिका दहन से होगी, जबकि कल धुलंडी का पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पेंच के बालाजी मंदिर के पंडित आशुतोष शर्मा के अनुसार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त सायं 6. 45 बजे से रात्रि 9 बजे तक रहेगा। इस दौरान भद्रा दोष मान्य नहीं होगा, जिससे शास्त्रसम्मत रूप से दहन किया जाएगा। वहीं धुलंडी मंगलवार को मनाई जाएगी। इसे लेकर गोल प्याऊ चौराहा सहित शहर के बाजारों में हथौड़ा, गदा, त्रिशूल और आधुनिक डिजाइन वाली पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दुकानदार निर्मल,जयकुमार एवं प्राजंल अग्रवाल ने बताया कि बच्चों और युवाओं में नई स्टाइल की पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह है। मिठाइयों, गुलाल और सफेद परिधानों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। ड्रोन से निगरानी, सादी वर्दी में पुलिस तैनाती, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और 108 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बाजारों में रौनक है, तो बोर्ड परीक्षाओं के चलते विद्यार्थी संयम के साथ पर्व मनाने की तैयारी में हैं।
प्रशासन की कड़ी नजर, ड्रोन से होगी निगरानी
संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। कंट्रोल रूम से सीधी नजर रखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई होगी। हुड़दंगियों और कानून तोडऩे वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू रहेगी।
महिला सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में तैनात रहेंगी विशेष टीमें
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की टीमें तैनात की जाएंगी। छेड़छाड़, जबरन रंग लगाने या अभद्र व्यवहार की शिकायत पर तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। शहर के प्रवेश मार्गों पर नाकाबंदी कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
108 एंबुलेंस सेवा आपात स्थिति से निपटने क ो तैयार
पर्व के दौरान किसी भी दुर्घटना या स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी वाहनों में ऑक्सीजन, जीवन रक्षक दवाइयों और उपकरणों की जांच पूरी कर ली गई है। स्टाफ को न्यूनतम समय में मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड परीक्षाओं का असर, विद्यार्थी संयम से मनाएंगे पर्व
बोर्ड परीक्षाओं के चलते छात्र-छात्राएं होली की मस्ती से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान दे रहे हैं। मंदिरों में अच्छे परिणाम की कामना के साथ विद्यार्थी अनुशासित ढंग से पर्व मनाने का संदेश दे रहे हैं। गौरतलब है कि होलिका दहन से आरंभ होकर धुलंडी तक चलने वाले इस रंगोत्सव को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आमजन से अपील की गई है कि वे परंपरा, संयम और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएं, ताकि होली खुशियों और भाईचारे का प्रतीक बनी रहे।

अन्य सम्बंधित खबरे