It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

दहशत के साये में डाकघर और पासपोर्ट केंद्र, मिली बम से उड़ाने की धमकी
By Lokjeewan Daily - 10-03-2026

- पुलिस ने कराया डाकघर खाली, पास के बाजार बंद
- बम स्क्वॉड बुलवाया, फायर ब्रिगेड पहुंची, तलाशी जारी
भीलवाड़ा लोकजीवन। राजस्थान के विभिन्न जिलों में सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कड़ी में अब 'वस्त्र नगरीÓ भीलवाड़ा भी धमकी भरे ईमेल के रडार पर आ गई है। अजमेर सहित प्रदेश के कई डाकघरों और पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को भीलवाड़ा पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। जैसे ही सूचना मुख्यालय से प्रसारित हुई, समूचा पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया। मंगलवार दोपहर उस समय नागौरी गार्डन इलाके की धड़कनें थम गईं, जब सीओ सिटी सज्जन सिंह और भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी भारी पुलिस जाब्ते और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ सिटी पोस्ट ऑफिस पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल पोस्ट ऑफिस को खाली करवाया, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से वहां संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र के कामकाज को भी रुकवा दिया।
बाजारों में सन्नाटा, व्यापारियों में दहशत
पुलिस की इस अचानक कार्रवाई और सायरन की गूंज से आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कारणों के चलते पुलिस ने डाकघर के समीप स्थित दुकानों को भी एहतियातन बंद करवा दिया। देखते ही देखते व्यस्ततम रहने वाला यह इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। दहशत के चलते क्षेत्र के व्यापारियों और आमजन के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी गईं।
सघन तलाशी अभियान जारी
पुलिस की विशेष टीमें डाकघर के भीतर एक-एक कोने की बारीकी से तलाशी ले रही हैं। फायर ब्रिगेड और सुरक्षा उपकरण स्टैंडबाय पर रखे गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है या किसी की शरारत, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। 

अन्य सम्बंधित खबरे