It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

डिजिटल इंडिया में डब्बा हुई गैस बुकिंग, सर्वर डाउन, उपभोक्ता हलकान
By Lokjeewan Daily - 14-03-2026

-  गहराया रसोई गैस का संकट
- मोबाइल बुकिंग फेल, डिपो पर कतारें
भीलवाड़ा लोकजीवन। पिछले कुछ दिनों से  कमर्शियल गैस की किल्लत चल रही थी, लेकिन अब घरेलू गैस  के उपभोक्ताओं की मुसीबतें भी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रशासन भले ही कागजों पर  पर्याप्त स्टॉक का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि डिजिटल बुकिंग सिस्टम पूरी तरह चरमरा गया है। पिछले एक सप्ताह से उपभोक्ता मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए बुकिंग की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण उन्हें खाली हाथ रहना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या सर्वर डाउन होने और मोबाइल पर ओटीपी  न आने की है। दर्जनों बार कॉल करने के बावजूद टोल-फ्री नंबर नहीं लग रहा, जिससे लोगों में भारी रोष है। डिजिटल माध्यमों के फेल होने के बाद जब उपभोक्ता मजबूरन गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, तो वहां की कार्यप्रणाली ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एजेंसी कार्यालयों पर भीड़ हो रही है। एजेंसी पर केवल बिल काटकर हाथ में थमा दिया जा रहा है। उपभोक्ता को सिलेंडर घर पर नहीं मिल रहा, बल्कि उन्हें शहर के अलग-अलग कोनों में बनाए गए वितरण पॉइंट्स पर जाने को मजबूर किया जा रहा है। घंटों कतार में लगने के बाद उपभोक्ता खुद सिलेंडर ढोने को मजबूर है। एक तरफ प्रशासन स्टॉक की कमी न होने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी तरफ घंटों इंतजार के बाद भी तकनीकी खराबी का हवाला देकर उपभोक्ताओं को लौटाया जा रहा है। कामकाजी लोगों के लिए यह स्थिति और भी विकट हो गई है क्योंकि उन्हें एक सिलेंडर के लिए दो से तीन दिन खराब करने पड़ रहे हैं। अगर जल्द ही सर्वर और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो उपभोक्ताओं की परेशानी काफी बढ़ जाएगी और सिलेंडर ब्लैक में बिकने का बरसों पुराना खेल फिर दोहराया जाएगा। 

अन्य सम्बंधित खबरे