
It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.
Please update to continue or install another browser.
Update Google Chromeब्रेकिंग न्यूज़
- चित्रकूट धाम बना खाटू श्याम का दिव्य दरबार
- हजारों की संख्या में श्याम भक्तों ने लिया भाग
भीलवाड़ा लोकजीवन। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में शुक्रवार की रात भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 13 की रात सांवरे के साथ कार्यक्रम के अंतर्गत खाटू श्याम बाबा की भजन संध्या का आयोजन किया गया। नगर निगम स्थित चित्रकूट धाम में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लेकर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई और पूरी रात भक्ति रस में डूबे रहे। आयोजन श्री श्याम बालाजी मित्र सेवा संस्थान के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के लिए खाटू श्याम बाबा के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया था। कोलकाता से मंगाए गए रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से सजा दरबार, आकर्षक विद्युत सजावट और शंख-घंटियों की गूंज से पूरा चित्रकूट धाम भक्तिमय वातावरण में डूब गया। मुख्य प्रस्तुति कोलकाता के सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल ने दी। उनकी सुमधुर आवाज और भावपूर्ण भजनों ने पूरे माहौल को भक्ति से भर दिया। उन्होंने तू खाटू बुलाता रहे और मैं आता रहूं, दिल चोरी साडा हो गया खाटू के मंदिर मे, प्यारा सा मुखड़ा घुंघराले केश और खाटू वाले का यह दरबार है, मांग लो जिसको जो दरकार है जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। जैसे ही इन भजनों की स्वर लहरियां गूंजीं, श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और पूरे उत्साह के साथ झूम उठे। बाबा का भव्य दरबार सजाया गया और छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। दीपों की रोशनी और फूलों की सुगंध से वातावरण और अधिक पावन हो गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस पावन अवसर पर मुस्कान मां महाराज (मंगलमुखी किन्नर अखाड़ा, राजस्थान) और श्री श्रीराम पुजारी (निज मंदिर, सालासर धाम) का भी विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनके आशीर्वचनों ने कार्यक्रम को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। भजन संध्या के अंत में सामूहिक आरती की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में बाबा की आरती गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आरती के दौरान पूरे परिसर में हारे के सहारे की जय और खाटू नरेश की जय के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के संरक्षक डीके दाधीच, राजू अग्रवाल, अध्यक्ष पीयूष खंडेलवाल, सचिव शुभम खंडेलवाल, मीडिया प्रभारी गिरिराज बहेडिया, गोपीकिशन हेडा, अजीत मेहता सहित मुख्य कार्यकारिणी के आशीष पाटोदिया, मोहित खंडेलवाल, राहुल अग्रवाल, अंकित रोहिवाल, राहुल पाटोदिया, आयुष पाटोदिया, ऋषभ खंडेलवाल, लवनेश खंडेलवाल, केशव खंडेलवाल, रौनक पाटोदिया, नामित पाटोदिया, गौरव खंडेलवाल और बालकृष्ण प्रजापत सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।