It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन, गैस सिलेंडर की शवयात्रा निकाली, लिपटकर रोए
By Lokjeewan Daily - 16-03-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। देश में लगातार बढ़ती बेतहाशा महंगाई और रसोई गैस सहित सभी प्रकार की गैसों की भारी किल्लत के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता आज सडक़ पर उतर गए। जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलाल जाट के नेतृत्व में केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अनूठा विरोध प्रदर्शन किया गया।  रसोई गैस सिलेंडर की शवयात्रा निकाली गई। कार्यकर्ता खाली गैस सिलेंडर से लिपटकर रोए। कलेक्ट्रेट पर चूल्हे जलाकर जनता का दर्द दिखाया।
आंदोलन की शुरुआत गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से हुई। जिलाध्यक्ष रामलाल जाट के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में रवाना हुए। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों और सब्जी मंडी से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई मुक्त भारत और गैस किल्लत दूर करो जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में कार्यकर्ता ने गैस सिलेंडर उठा रखा था। कलेक्ट्रेट के बाहर महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर विरोध जताया।
कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि आज आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। एक तरफ रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बाजार में गैस की भारी किल्लत पैदा कर दी गई है। मोदी सरकार केवल चंद उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाने में लगी है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग महंगाई की चक्की में पिस रहा है। अगर समय रहते कीमतों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस इस आंदोलन को और उग्र करेगी। प्रदर्शन के अंत में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की विफलता का प्रतीक मानते हुए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। विरोध प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास व अक्षय त्रिपाठी, दुर्गेश शर्मा, ओमप्रकाश नरानीवाल, गायत्री त्रिवेदी, मधु जाजू, चेतन डीडवानिया, महेश सोनी, सुशीला सालवी, रणदीप त्रिवेदी, मंजू पोकरना, राजू डीडवानिया, ओमप्रकाश तेली, आशीष राजस्थला, सुरेश बंब, अर्चना दुबे,शंकर कुमावत, शंकर लाल जाट, प्रकाश ओझा, भैरू लाल बैरवा, श्याम लाल गुर्जर, चंद्रप्रकाश अमरवाल, श्याम लाल पुरोहित, योगेश सोनी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी,
पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी, पूर्व विधायक/विधायक प्रतियक्षी, पंचायत राज के निर्वाचित जन प्रतिनिधि/प्रतियक्षी, ब्लॉक/मंडल अध्यक्ष अग्रिम संगठनों के ज़िलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य सम्बंधित खबरे