It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मौसम के दोहरे वार से बढ़ी मुसीबत, घर-घर में मरीज, एमजीएच में लगी लंबी कतारें
By Lokjeewan Daily - 21-04-2026

- तापमान के बदलाव को  झेल नहीं पा रहा शरीर
- वायरल और बैक्टीरियल बीमारियों का बढ़ा खतरा
भीलवाड़ा लोकजीवन। अप्रैल का महीना आधा बीत जाने के बाद भी मौसम के मिजाज में आ रहे उतार-चढ़ाव ने आमजन के स्वास्थ्य पर गहरा प्रहार किया है। दिन के समय आसमान से बरसती आग और अलसुबह व देर रात को महसूस होने वाली हल्की ठंडक लोगों को बीमार बना रही है।मौसम के इस बदलते स्वरूप का सीधा असर महात्मा गांधी अस्पताल में देखने को मिल रहा है, जहां इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अस्पताल का परिसर सुबह होते ही मरीजों और उनके परिजनों से भर जाता है, जिससे व्यवस्थाएं भी चरमराने लगी हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अधिकांश मरीज जुकाम, तेज बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। ओपीडी काउंटरों पर स्थिति यह है कि पंजीकरण के लिए लोगों को घंटों कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। डॉक्टरों के चैंबर के बाहर भी मरीजों का तांता लगा हुआ है। जानकारों का कहना है कि दोपहर की तेज धूप में शरीर का तापमान बढ़ जाता है और फिर रात की अचानक ठंडक के कारण शरीर इस बदलाव को झेल नहीं पा रहा है, जिससे वायरल इन्फेक्शन और बैक्टीरियल बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, दूषित खान-पान और अचानक ठंडे-गर्म के संपर्क में आने से बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे बुरा असर पड़ रहा है। महात्मा गांधी अस्पताल के चिकित्सकों ने सलाह दी है कि इस समय खान-पान में विशेष सावधानी बरतें। बाहर की खुली वस्तुएं और कटे हुए फल खाने से बचें। साथ ही, धूप से सीधे आकर फ्रिज का ठंडा पानी पीना स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि मरीजों को जल्द उपचार मिल सके। फिलहाल, मौसम के तेवर देखते हुए आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या और बढऩे की आशंका जताई जा रही है।

अन्य सम्बंधित खबरे