It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मई की मार, मौसमी कर रहा बीमार, एमजी अस्पताल में मरीजों की भीड़
By Lokjeewan Daily - 21-05-2026

- पारा चढ़ते ही बिगडऩे लगे  हालात
- भीड़ से अस्पताल के गलियारे पड़े छोटे
भीलवाड़ा लोकजीवन। जिले में मई माह के तीसरे सप्ताह में सूर्यदेव के तीखे तेवरों ने आमजन को झुलसाना शुरू कर दिया है। आसमान से बरसती आग और बढ़ते पारे के साथ ही मौसमी बीमारियों ने पैर पसार लिए हैं। स्थिति यह है कि शहर के सबसे बड़े महात्मा गांधी जिला अस्पताल में अचानक रोगियों की संख्या में भारी उछाल आया है। गुरुवार सुबह अस्पताल का मेडिकल आउटडोर किसी मेले जैसा नजर आया, जहां इलाज के लिए आए लोग भीषण गर्मी में कतारों में खड़े-खड़े हांफते दिखे। सोमवार सुबह जैसे ही अस्पताल खुला, पर्ची काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कमरों तक मरीजों और उनके परिजनों का सैलाब उमड़ पड़ा। उल्टी-दस्त, तेज बुखार, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के लक्षणों वाले मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा रही। हालत इस कदर बेकाबू थे कि अस्पताल के मुख्य गलियारे भीड़ से खचाखच भरे हुए थे। भीड़ के दबाव के कारण वार्डों से गंभीर मरीजों को ट्रॉली या स्ट्रेचर पर लाने-ले जाने में भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई जगह तो मरीजों को परिजनों के सहारे पैदल ही जैसे-तैसे अंदर ले जाना पड़ा।
आउटडोर व इंडोर में किए ठंडक के माकूल इंतजाम
गर्मी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने आउटडोर व इंडोर में ठंडक के माकूल इंतजाम किए है। आउटडोर में ठंडक के लिए कूलर तो इंडोर में कूलर व एसी मरीजों व तीमारदारों को राहत प्रदान कर रहे है। लू-तापघात के मरीजों के लिए भी वातानुकुलित वार्ड तैयार है। आवश्यक संसाधनों के साथ डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ की राउंड ओ क्लॉक डयूटी लगाई गई है।
डॉक्टरों की सलाह दोपहर में बेवजह घरों से बाहर न निकलें
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार गौड़ ने बताया कि मई के अंतिम हफ्तों में गर्मी और लू का प्रकोप और बढऩे की आशंका है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी अस्पताल पहुंचा सकती है। उन्होने आमजन से अपील की है कि  दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बिना वजह घरों से बाहर न निकलें।  शरीर में पानी की कमी न होने दें, ओआरएस घोल, छाछ और नींबू पानी का सेवन करें।  बासी भोजन से पूरी तरह परहेज करें।

अन्य सम्बंधित खबरे