It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा गोवंश: अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो ट्रैवलर, सीकर के 6 श्रद्धालु घायल; एनएच-48 पर लगा 2 किमी लंबा जाम
By Lokjeewan Daily - 23-05-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर  तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मांडल थाना क्षेत्र में खंडेश्वर जी मंदिर के पास अचानक हाईवे पर आए गोवंश को बचाने के चक्कर में यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार आधा दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे सुबह-सुबह वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सीकर निवासी पोद्दार परिवार के सदस्य टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवरिया सेठ (चित्तौड़गढ़) के दर्शन के लिए निकले थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे जैसे ही उनका वाहन मांडल क्षेत्र के खंडेश्वर जी मंदिर के समीप पहुंचा, तभी अंधेरे में अचानक एक गाय दौड़ती हुई हाईवे के बीचों-बीच आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण चालक चाहकर भी वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। जोरदार टक्कर के बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर ही पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई।

 

चीख-पुकार सुन दौड़े राहगीर, 108 एम्बुलेंसकर्मियों ने दिखाया सेवा भाव

 

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। तड़के के समय वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने तुरंत अपने वाहन रोके और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स गिरिराज पायक ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। सभी को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

 

हादसे में छह लोग हुए घायल

 

हादसे में संतोष पोद्दार (48), किशन पोद्दार (45), दुर्गा पोद्दार (44), मनीषा पोद्दार (42), सीमा पोद्दार (36) एवं विनय पोद्दार (23) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

 

हाईवे पर लगा दो किलोमीटर लंबा जाम, पुलिस ने बहाल कराया यातायात

 

हादसा हाईवे के बीचों-बीच होने के कारण जयपुर-उदयपुर लेन पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह के समय ड्यूटी और लंबी दूरी की यात्रा पर निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सूचना पर पहुंची मांडल थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन बुलवाई और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो ट्रैवलर को हाईवे से हटाकर किनारे किया। इसके बाद करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।

 

कब जागेगा प्रशासन? दावों के बीच हाईवे पर घूम रहा यमराज

 

नेशनल हाईवे पर आवारा पशुओं की मौजूदगी वाहन चालकों के लिए 'कालग्रस्त' साबित हो रही है। एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन की ओर से हाईवे को पशुमुक्त करने के बड़े-बड़े दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इस हादसे जैसी तस्वीरों के रूप में सामने आती है। पूर्व में भी इस ब्लैक स्पॉट और आसपास के इलाकों में कई बार पशुओं के कारण हादसे हो चुके हैं। यदि समय रहते हाईवे पेट्रोलिंग टीम और प्रशासन ने आवारा पशुओं की धरपकड़ के लिए कोई ठोस और स्थायी नीति नहीं बनाई, तो इस तरह के हादसों पर लगाम लगाना नामुमकिन होगा।

 

अन्य सम्बंधित खबरे