It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

शहरवासियों को तपन से बचाने उतरीं दमकलें, झुलसती सडक़ों पर पानी की बौछार
By Lokjeewan Daily - 29-05-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। शहर में इन दिनों सूर्यदेव के तीखे तेवर और भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को झुलसा कर रख दिया है। दोपहर के समय आसमान से बरसती आग और सडक़ों से उठती गर्म लपटों  के कारण राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इस चिलचिलाती धूप और रिकॉर्ड तोड़ तपन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों को राहत देने के लिए एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। बढ़ती गर्मी के प्रकोप को कम करने के लिए नगर निगम की ओर से शहर के मुख्य मार्गों और व्यस्त चौराहों पर फायर ब्रिगेड (दमकल) की गाडय़िों के जरिए पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम के दमकल वाहनों ने शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य बाजारों और डामर की तड़पती सडक़ों को पानी की बौछारों से सराबोर कर दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार यह अभियान शहर के उन इलाकों में विशेष रूप से चलाया जा रहा है जहाँ पैदल यात्रियों और दुपहिया वाहन चालकों की आवाजाही सबसे ज्यादा होती है। सडक़ों पर ठंडे पानी का छिडक़ाव होने से न केवल डामर से उठने वाली हीट कम हुई है, बल्कि आसपास के वातावरण के तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई है। दमकलकर्मियों द्वारा हवा में की जा रही पानी की इस कृत्रिम बौछार से वहाँ से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के चेहरे खिल उठे। भीषण लू के थपेड़ों के बीच पानी की इन फुहारों ने लोगों को कडक़ड़ाती धूप में बरसात का अहसास करा दिया।  शहरवासियों का कहना है कि दोपहर के समय इस छिडक़ाव से उन्हें हीटस्ट्रोक के खतरे से बड़ी राहत मिलेगी।

अन्य सम्बंधित खबरे