It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मुर्गों से भरी पिकअप ट्रक में घुसी, दो घंटे तक केबिन में फंसा रहा ड्राइवर, हुई मौत
By Lokjeewan Daily - 02-06-2026

- हाईवे पर बिखरे सैकड़ों मुर्गे
- चालक की नहीं हुई पहचान
भीलवाड़ा लोकजीवन। मांडल राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सडक़ हादसे ने राहगीरों को झकझोर कर रख दिया। मुर्गों से भरी एक पिकअप आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद हाईवे पर मुर्गे बिखर गए। कई मुर्गे सडक़ पर इधर-उधर दौड़ते नजर आए, जबकि कई वाहन की चपेट में आने से मर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पिकअप का चालक गंभीर रूप से घायल होकर केबिन में फंस गया था। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस पायलट हनीफ मोहम्मद और स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत कर चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला। घायल चालक अचेत अवस्था में मिला, जिसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया था और चालक को बाहर निकालने के लिए लंबे समय तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।

हादसे के बाद यातायात प्रभावित
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। सडक़ पर मुर्गों के बिखरने और क्षतिग्रस्त वाहन के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में वाहन को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हुए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के काफी समय बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि दुर्घटनास्थल दो थाना क्षेत्रों की सीमा के निकट होने के कारण अधिकार क्षेत्र को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही, जिससे पुलिस कार्रवाई में देरी हुई।
मृत चालक की नहीं हो सकी पहचान
इधर, मृत चालक की पहचान भी नहीं हो सकी। पुलिस को चालक के पास कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं। ऐसे में शव को मोर्चरी में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और परिवहन नेटवर्क के माध्यम से मृतक की पहचान जुटाने में लगी है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सडक़ सुरक्षा और त्वरित राहत व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे