It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

लोकतन्त्र की मजबूती में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण - मेवाड़ा - सुखपाल जाट प्रेस क्लब भीलवाड़ा के पुन: अध्यक्ष निर्वाचित
By Lokjeewan Daily - 02-06-2026

- प्रेस क्लब भीलवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और एकजुटता पर हुआ मंथन
भीलवाड़ा लोकजीवन। प्रेस क्लब भीलवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा एवं अधिवेशन महेश वाटिका में प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट की अध्यक्षता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, पत्रकारों के अधिकारों, प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन, पत्रकार सुरक्षा तथा फर्जी एवं पीत पत्रकारिता पर गंभीर चर्चा हुई। सभा में सर्वसम्मति से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि प्रेस क्लब केवल वास्तविक, जिम्मेदार और नैतिक पत्रकारिता का संरक्षण करेगा तथा पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियों, वसूली अथवा पीत पत्रकारिता करने वालों को किसी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा। सभा में उपस्थित सभी लगभग 100 सदस्यों ने हाथ उठाकर सुखपाल जाट को आगामी पांच वर्षों के लिए पुन: सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने का समर्थन किया। जिसकी मंच से बाद में घोषणा की तो सदस्यों ने सुखपाल जाट का स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व सभापति मधु जाजू, वरिष्ठ पत्रकार हनुमान अग्रवाल, कैलाश त्रिवेदी, मनीष शर्मा सहित जिले भर से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। प्रेस क्लब महासचिव राजेश मेठानी ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। सभा के प्रथम चरण में वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी के संयोजन में खुला सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शहर और ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों ने पत्रकारिता की वर्तमान दशा एवं दिशा पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान निलेश काठेड़, गुलाबपुरा के रामेश्वरलाल सोनी, सोमदत्त त्रिपाठी,मनीष शर्मा, रतनलाल प्रजापति, कपिल विजय ने विचार व्यक्त किये।  वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी ने कहा कि पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी उसकी विश्वसनीयता होती है और इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयं पत्रकार की है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को अपने सूचना स्रोतों को मजबूत बनाना होगा, तभी शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं तथ्यपरक खबरें जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकेंगी। विशिष्ट अतिथि मधु जाजू ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा उठाई गई समस्याएं पूरी तरह न्यायोचित हैं। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से ही पत्रकार हितों की लड़ाई प्रभावी ढंग से लड़ी जा सकती है। पूर्व अध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने कहा कि प्रेस क्लब भीलवाड़ा लगभग साढ़े तीन दशक से पत्रकारों के हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने वर्तमान नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में प्रेस क्लब की गतिविधियों का विस्तार हुआ है। अध्यक्ष सुखपाल जाट ने कहा कि प्रेस क्लब सदैव पत्रकारिता की शुचिता, निष्पक्षता और पेशेवर मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब किसी भी प्रकार की फर्जी, पीत अथवा ब्लैकमेलिंग पत्रकारिता का समर्थन नहीं करेगा। पत्रकारिता के नाम पर गलत कार्य करने वाले व्यक्तियों को संरक्षण देना प्रेस क्लब की नीति नहीं है और भविष्य में भी नहीं होगा। उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब भवन के लिए भूखंड आवंटन का मामला राज्य सरकार के स्तर पर विचाराधीन है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा से इस दिशा में सहयोग का आग्रह किया। मुख्य अतिथि प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वास्तविक और समर्पित पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार संवेदनशील है। मीडिया के नाम पर ठगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को समाज के सामने उजागर किया जाना चाहिए। बैठक के अंत में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। जिसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों की समस्याओं तथा हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर मांग-पत्र जिला कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया।  इसमें प्रेस क्लब भवन हेतु भूखंड आवंटन, पत्रकारों को आवासीय भूखंड, टोल मुक्ति, शासकीय सूचनाओं की समयबद्ध उपलब्धता, सरकारी मान्यता एवं परिचय-पत्र व्यवस्था, जिला स्तरीय मीडिया समन्वय समिति का गठन, पत्रकार सुरक्षा तथा कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार सहित विभिन्न मांगों को शामिल किया जाएगा।

सांसद अग्रवाल ने जाट को दी बधाई


भीलवाड़ा। सांसद दामोदर अग्रवाल ने सुखपाल जाट को पुन: प्रेस क्लब अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई देते हुए दुपट्टा ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आंख और कान हैं तथा समाज और सरकार के बीच संवाद का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम भी पत्रकार ही हैं। सांसद अग्रवाल ने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है तथा जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रेस क्लब भवन सहित पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि भीलवाड़ा जिले के विकास में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और भविष्य में भी पत्रकारों का सहयोग अपेक्षित रहेगा।

अन्य सम्बंधित खबरे