It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कॉर्पियो, महिला-बच्चों समेत 6 घायल, 9 माह की बच्ची ने तोड़ा दम
By Lokjeewan Daily - 08-06-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। कोटा-चित्तौडग़ढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में महिला और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए।  हादसे के कुछ समय बाद  नौ माह की मासूम की मौत हो गई। लाडपुरा पेट्रोल पंप के समीप पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कॉर्पियो कार के बीच  जोरदार टक्कर के बाद  अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सडक़ पर घूमकर विपरीत दिशा में जा खड़ा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पत्थरों से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली उपर माल खनन क्षेत्र से राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद कुछ देर के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।  हादसे में स्कॉर्पियो में सवार सभी छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे, एक महिला और अन्य पुरुष शामिल हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भिजवाया गया।
मासूम बालिका की मौत
घटना के बाद  एक 9 माह मी बच्ची ने भी दम तोड़ दिया।   चिकित्सकों की निगरानी में अन्य घायलों कों उपचार के बाद भीलवाड़ा लाया गया।  स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग दिल्ली निवासी बताए जा रहे हैं। वे किसी पारिवारिक कार्य से यात्रा पर थे। हादसे के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ किनारे हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण
प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी नहीं रखने को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। यह हादसा एक बार फिर सडक़ सुरक्षा नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की ओर संकेत करता है।

अन्य सम्बंधित खबरे