It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

पेंच का बालाजी मंदिर कल बनेगा आस्था का केंद्र, नौका विहार, बर्फानी श्रृंगार और होगी आमरस प्रसादी
By Lokjeewan Daily - 08-06-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बालाजी मार्केट स्थित बालाजी मंदिर में मंगलवार, 9 जून को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर परिसर में नौका विहार, बर्फानी श्रृंगार तथा आमरस प्रसादी वितरण जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
महंत पंडित आशुुतोष शर्मा ने बताया कि मंदिर में वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर की तर्ज पर विशेष नौका विहार का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत श्रीराम दरबार के समक्ष यमुना भाव से निर्मित जलाशय में विभिन्न पवित्र नदियों के जल को मिश्रित कर पवित्र वातावरण तैयार किया जाएगा। मंदिर के कुंड से जल भरकर शाम 4 बजे से यह आयोजन प्रारंभ होगा।
पुष्पों से सजे नौका में विराजेंगे लड्डू गोपाल
बजरंग मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार मानसिंहका ने बताया कि मोगरे के सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित नौका में लड्डू गोपाल को विराजित कर विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद जल विहार का मनोरम आयोजन होगा, जो देर रात 11 बजे तक चलेगा। श्रद्धालु इस दौरान ठाकुरजी के विशेष दर्शन कर सकेंगे तथा भक्ति संगीत का आनंद भी ले सकेंगे।
बाबा अमरनाथ की तर्ज पर होगा बर्फानी श्रृंगार
मंदिर में शाम 4 बजे से ही हनुमानजी महाराज का बाबा अमरनाथ की तर्ज पर बर्फानी श्रृंगार किया जाएगा। बर्फ से सजे विशेष स्वरूप में हनुमानजी के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भीषण गर्मी के बीच यह अनूठा धार्मिक आयोजन भक्तों को आध्यात्मिक शीतलता का अनुभव कराएगा।
2100 किलो आमरस का प्रसाद होगा वितरित
आयोजन के दौरान 2100 किलो आम से तैयार विशेष आमरस का भोग भगवान को अर्पित किया जाएगा। इसमें अन्य सामग्री भी मिलाकर प्रसाद तैयार किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच पंक्तिबद्ध तरीके से प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर के पुजारी पंडित आशुतोष शर्मा ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस महाआयोजन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। पुरुषोत्तम मास में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति का विशेष अवसर बनेगा। नौका विहार, बर्फानी श्रृंगार और विशाल आमरस प्रसादी वितरण के माध्यम से मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

अन्य सम्बंधित खबरे