It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 की पहली ट्रेन आज होगी रवाना
By Lokjeewan Daily - 13-07-2026

राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत पहली विशेष ट्रेन सोमवार (13 जुलाई) को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरै के लिए रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी। रवाना होने से पहले प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे।

इस यात्रा में जयपुर संभाग के चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा पर जाएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए ट्रेन के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

देवस्थान विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। पात्र आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण यात्रियों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। चयनित यात्रियों को पहले ही यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देश उपलब्ध करा दिए गए हैं।

ट्रेन रवाना होने से पहले देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत दोपहर 2 बजे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करेंगे और उनकी यात्रा की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद शाम 3:20 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन, पेयजल, सुरक्षा और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। देवस्थान विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी यात्रा के दौरान साथ रहेंगे, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत इस साल अलग-अलग चरणों में विशेष ट्रेनों के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के लिए यात्राएं कराई जाएंगी।

अन्य सम्बंधित खबरे