It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

मानसून के बाद जयपुर में चला महास्वच्छता अभियान, 6000 टन कचरा और मलबा हटाया
By Lokjeewan Daily - 09-09-2026

जयपुर। मानसून के बाद नगर निगम जयपुर द्वारा स्वच्छता की बड़ी मुहिम चलाई गई। नगर निगम जयपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, सुन्दर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ की थीम पर सात चरणों में विशेष महास्वच्छता अभियान चलाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर चलाये गये इस अभियान में निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता योद्धाओं एवं विभिन्न आधुनिक संसाधनों की संयुक्त टीमों ने हर वार्ड, गली एवं मोहल्ले तक पहुंचकर सघन सफाई अभियान चलाया। अभियान के प्रत्येक चरण में 2500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं ने मैदान में उतरकर स्वच्छता की कमान संभाली। सात चरण... हजारों स्वच्छता योद्धा... शहरभर में चला महासफाई अभियान
आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा चिन्हित स्थानों पर जमा कचरे एवं गंदगी का प्रभावी निस्तारण करने के उद्देश्य से 25 अगस्त से 8 सितम्बर तक सात चरणों में महास्वच्छता अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आधुनिक मशीनरी एवं उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया, जहां लंबे समय से कचरा, मलबा अथवा गंदगी जमा थी। खाली भूखण्डों, सड़क किनारे, गलियों, खुले कचरा डिपो एवं जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सफाई करवाई गई।
6000 टन कचरा साफ, शहर को मिली स्वच्छता की नई तस्वीर
सात चरणों में चले महास्वच्छता अभियान के दौरान निगम की टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों से 6000 टन कचरा एवं मलबा हटाकर उसका निस्तारण किया गया। इस दौरान 500 ओपन कचरा डिपो पूर्व में निगम की टीमों द्वारा हटाये गये थे जिसके बाद आमजन द्वारा खुले में कचरा डालने के कारण पुनः विभिन्न स्थानों पर ओपन डिपो बनने लगे जो सफाई व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौति बने हुए थे। जिनको इस अभियान के माध्यम से हटाये गये। वहीं 50 से अधिक खाली भूखण्डों में जमा कचरे एवं गंदगी की सफाई करवाई गई।
जेसीबी, डम्पर एवं लोडर की सहायता से बड़े कचरा डिपो हटाने के साथ ही छोटे एवं संकरे स्थानों पर आवश्यकतानुसार अन्य मशीनरी एवं संसाधनों का उपयोग किया गया।
5 दर्जन से अधिक मशीनरी एवं संसाधन रहे तैनात
महास्वच्छता अभियान को गति देने के लिए प्रत्येक चरण में 2500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं के साथ 5 दर्जन से अधिक मशीनरी एवं संसाधन मैदान में उतारे गये। जिसके तहत 16 जेसीबी, 21 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 22 डम्पर,लोडर, 4 लीटर पिकर, 4 फॉगिंग मशीन, 4 लेवलर, 15 हूपर, 1 रोड स्वीपर, 3 जटायु सहित अन्य संसाधनों का उपयोग कर सफाई कार्य करवाया गया।
जलभराव एवं जल निकासी वाले स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार मशीनरी एवं संसाधनों की सहायता से सफाई एवं निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
सिर्फ सफाई नहीं, स्वच्छता के प्रति जागरूकता का भी संदेश
महास्वच्छता अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों द्वारा सफाई कार्य के साथ-साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। नागरिकों से खुले में कचरा नहीं फेंकने, सड़क एवं खाली भूखण्डों पर कचरा नहीं डालने तथा घर-घर कचरा संग्रहण के लिए आने वाले हूपर में ही कचरा देने की अपील की गई।
आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि “स्वच्छ जयपुर का सपना तभी साकार होगा, जब नगर निगम के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।”
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि अपने आसपास स्वच्छता बनाये रखें और कचरा खुले में डालने के बजाय निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से ही कचरे का निस्तारण करें।

अन्य सम्बंधित खबरे