It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़
By Lokjeewan Daily - 03-03-2026

होली के चलते शहर से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। सोमवार को जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और एंट्री गेट पर लोग ट्रेन का इंतजार करते दिखे। दुर्गापुरा, गांधी नगर, जगतपुरा और खातीपुरा जैसे स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी गई।

सिंधी कैंप बस स्टैंड पर भी रोडवेज और निजी बसों में सीटें पूरी तरह से भरी हुई थीं। परिवारों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की अधिक संख्या के कारण स्टेशन और बस स्टैंड परिसर सामान के साथ खड़े लोगों से भरे हुए थे।

रेलवे प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए। जयपुर स्टेशन डायरेक्टर विपिन शर्मा ने बताया कि जयपुर जंक्शन पर पैसेंजर्स को ट्रेन रवाना होने से एक घंटे पहले ही प्लेटफॉर्म पर एंट्री दी गई। स्टेशन के बाहर की ओर एक बड़ा होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां एक साथ एक हजार से ज्यादा पैसेंजर्स बैठ सकते हैं।

सुरक्षा को लेकर प्लेटफॉर्म से तीन मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे यात्री लाइन में लगकर ट्रेनों में बैठ सकें और धक्का-मुक्की की स्थिति न बने। प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से होली को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। नियमित ट्रेनों में अस्थाई तौर पर स्लीपर, थर्ड एसी और जनरल कोच बढ़ाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार स्पेशल ट्रेनों के संचालन से ट्रेनों में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। ट्रेन में सफर कर रहे पैसेंजर्स ने बताया कि उन्हें किसी तरह की प्रॉब्लम नहीं हुई और आसानी से सीट मिल गई।

रेलवे के साथ-साथ सिंधी कैंप बस स्टैंड पर भी यात्रियों का दबाव बना रहा। कोटा, जोधपुर, बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं और भरतपुर रूट की बसों में सीटें फुल रहीं। टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं और बसों के रवाना होते समय भीड़ देखी गई।

अन्य सम्बंधित खबरे