It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को मिली हरी झंडी
By Lokjeewan Daily - 15-06-2026

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को आखिरकार अपने प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति मिल गई है। नीट (NEET) पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कमियां, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर पार्टी का यह प्रदर्शन 15 जून को जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित होना तय हुआ है। पहले पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने का अंदेशा जताते हुए इस प्रदर्शन को मंजूरी देने से साफ इनकार कर दिया था। हालांकि, रविवार को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (साउथ) और पार्टी के प्रवक्ताओं के बीच करीब 2 घंटे तक चली एक अहम बैठक के बाद पुलिस ने अपनी अनुमति जारी की। फाउंडर अभिजीत दीपके पहुंचे जयपुर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांगसोमवार दोपहर करीब 3 बजे गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर होने वाले इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके खुद जयपुर पहुंच रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान के युवाओं और आम जनता से एकजुट होने की अपील की है। अभिजीत दीपके का बयान : "नीट पेपर लीक के कारण राजस्थान के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। अब वक्त है एकजुट होकर अपनी आवाज रखने का। हम सब मिलकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाएंगे।" पहले क्यों रोक रही थी पुलिस?
जयपुर पुलिस उपायुक्त (साउथ) कार्यालय की ओर से पहले जारी किए गए आदेश में बताया गया था कि CJP ने गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा स्थित शहीद स्मारक पर धरने की अनुमति मांगी थी। लेकिन आवेदन की जांच के बाद, तत्कालीन परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति देना संभव नहीं माना गया था और आवेदन रद्द कर दिया गया था।
इस पर CJP राजस्थान के मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा था कि पार्टी ने दिल्ली, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे कई बड़े शहरों में हमेशा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं, जहां कभी कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजस्थान में छात्रों, अभिभावकों और बेरोजगारों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या है 'कॉकरोच जनता पार्टी' और क्यों हुआ इसका गठन?इस अनोखी पार्टी के गठन की कहानी बेहद दिलचस्प है, जो न्यायपालिका के एक बयान से जुड़ी है: बयान जिसने पार्टी को जन्म दिया: 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने सीनियर एडवोकेट का दर्जा मांगने वाले एक वकील को फटकार लगाई थी।
सुनवाई के दौरान देश के कुछ बेरोजगार युवाओं को 'कॉकरोच' और 'पैरासाइट' (परजीवी) कहा गया था, जो बाद में सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं। अमेरिका से हुई शुरुआत: इस बयान के विरोध में अगले ही दिन यानी 16 मई को अमेरिका से अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया (X और इंस्टाग्राम) पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की नींव रख दी।
8 लाख से ज्यादा हस्ताक्षर: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर 22 मई को पार्टी द्वारा शुरू की गई एक ऑनलाइन पिटीशन पर अब तक 8 लाख से ज्यादा लोग अपने हस्ताक्षर कर चुके हैं। आज दोपहर होने वाले इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहीद स्मारक और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे