It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

खेत में पानी पिलाई को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, आधा दर्जन लोग घायल
By Lokjeewan Daily - 15-07-2026

राजसमंद लोकजीवन। आमेट उपखंड क्षेत्र के सेलागुड़ा गांव में खेत में पानी पिलाने की बात को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों परिवारों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एक पक्ष के लहरीलाल कुमावत ने आमेट थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि गणेशलाल, बंसीलाल, शांतिलाल, किशनलाल, प्रेमलाल और सुरेश सहित अन्य लोग लाठियां, पत्थर लेकर उनके खेत पर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शांतिलाल ने भगवानलाल के सिर पर जानलेवा वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से विनीता कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि सोहनलाल, कृष्णा, लहरीलाल और भगवानलाल उनके खेत पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी, पत्थरों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना में विनीता, उसके पति बंसीलाल सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। रिपोर्ट में आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी घायलों का उपचार करवाया गया, जिनमें से अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

अन्य सम्बंधित खबरे