It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राजसमंद में गंगा दशमी पर वंदे गंगा अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ
By Lokjeewan Daily - 25-05-2026

राजसमंद लोकजीवन। गंगा दशमी के पावन पर्व पर शासन सचिव (ऊर्जा विभाग), सीएमडी डिस्कॉम्स एवं जिला प्रभारी सचिव वरिष्ठ आईएएस आरती डोगरा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार सुबह ‘वंदे गंगा अभियान’ के तहत जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह का आयोजन इरिगेशन पाल पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कलश यात्रा निकाली और इरिगेशन पाल पहुंचकर राजसमंद झील के जल का पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात जिला स्तरीय भव्य समारोह आयोजित हुआ। यह अभियान 25 मई से प्रारंभ होकर 5 जून तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरण से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान के दौरान जिले में लगभग 30 हजार सोक पिट बनाए जा रहे हैं। प्रभारी सचिव ने कहा कि यदि जिले का प्रत्येक व्यक्ति एक-एक पौधा भी लगाए तो राजसमंद में 15 लाख से अधिक नए पौधे लगाए जा सकते हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।  उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हर नागरिक का अभियान बने। सामूहिक प्रयासों से ही जल संकट का समाधान संभव है।  जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने  ने राजीविका समूहों की महिलाओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जिले की 70 हजार से अधिक राजीविका महिलाएं उनकी बहनों के समान हैं। जब उनकी बहनें आत्मनिर्भर बनती हैं, रोजगार अर्जित करती हैं और अपने परिवारों को सशक्त बनाती हैं तो उन्हें अत्यंत खुशी होती है।  जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर 4 पी नवाचार लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की।  कार्यक्रम में राजीविका ब्रांड एम्बेसडर सरिता कंवर द्वारा विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं स्काउट की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। इस अवसर पर डीसीएफ डॉ. आर.एन. भाकर, एडीएम नरेश बुनकर, पूर्व जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, एसडीएम बृजेश गुप्ता, आयुक्त ललित देथा, समाजसेवी माधवलाल जाट, वॉटरशेड से बद्रीलाल जाट, एक्सईएन राजेंद्र मीणा, समाजसेवी महेंद्र कोठारी, खुशकमल कुमावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

अन्य सम्बंधित खबरे