It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राजस्थान में प्री-मानसून का दौर : 29 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
By Lokjeewan Daily - 18-06-2026

जयपुर। राजस्थान में एक के बाद एक (बैक-टू-बैक) सक्रिय हो रहे वेदर सिस्टम के कारण प्री-मानसून की बारिश का दौर लगातार जारी है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार से राज्य में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है, जिसका असर अगले तीन दिनों (21 जून तक) तक राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में देखने को मिलेगा. इस सिस्टम के प्रभाव से इन क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान है. लगातार बदल रहे इस मौसम के चलते प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है और अधिकांश शहरों में दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है. पिछले 24 घंटे की स्थिति और मानसून का अपडेट पिछले 24 घंटों के दौरान उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, करौली और उनके आस-पास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. श्रीगंगानगर में भी बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलीं.
कब आएगा मानसून?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार राजस्थान में मानसून की एंट्री थोड़ी देरी से होने की संभावना है. हालांकि राज्य में मानसून के प्रवेश का सामान्य समय 25 जून माना जाता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इसके 25 जून के बाद ही दस्तक देने के आसार हैं.
अरब सागर की ब्रांच: वर्तमान में यह महाराष्ट्र के दक्षिणी हिस्सों और तेलंगाना से गुजरते हुए छत्तीसगढ़ की सीमा के पास बनी हुई है.
बंगाल की खाड़ी की ब्रांच: यह बिहार, झारखंड और ओडिशा के मध्य भाग में सक्रिय है. इन क्षेत्रों से मानसून को आगे बढ़ने में अभी 4 से 5 दिन का समय और लग सकता है.
गर्मी से राहत: 40 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा
पिछले 24 घंटों में बाड़मेर, जैसलमेर और टोंक सहित कई इलाकों में तापमान में भारी गिरावट आई है. बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दौसा में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा: बाड़मेर: 38.0°C, बीकानेर: 38.2°C, कोटा व श्रीगंगानगर: 38.3°C, जोधपुर: 38.8°C।
राजस्थान के बड़े शहरों के मौसम का हाल
जयपुर : राजधानी में बुधवार को दिनभर मौसम साफ रहा. धूप के साथ हल्की उमस जरूर रही, लेकिन सुबह-शाम चली ठंडी हवाओं ने मौसम सुहावना बनाए रखा. यहां अधिकतम तापमान 37.5°C दर्ज हुआ. सुबह गंगापोल गेट के पास तेज हवा से एक नीम का पेड़ गिरने के कारण तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
उदयपुर : लेक सिटी के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुधवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली. शहर में जहां बूंदाबांदी हुई, वहीं मावली ब्लॉक के खेमली, चंदेसरा, सांगवा और विजनवास गांवों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा.
कोटा : बुधवार सुबह हुई बारिश के कारण कोटावासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिली. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से मौसम खुशनुमा रहा. यहां का अधिकतम तापमान 38.3°C रहा.
अजमेर : शहर में गर्मी और उमस का मिला-जुला असर देखने को मिला. सुबह के समय हवा में आर्द्रता (नमी) 68 प्रतिशत रहने से उमस बढ़ गई थी, जो दोपहर बाद घटकर 34 प्रतिशत रह गई. तेज धूप के कारण टूरिस्ट स्पॉट्स पर सन्नाटा पसरा रहा.
सीकर : बुधवार को दिनभर मौसम साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई. मंगलवार को जहां पारा 31.5°C था, वहीं बुधवार को यह बढ़कर 35.5°C पर पहुंच गया.
जोधपुर : सूर्य नगरी में बुधवार को उमस का जोर रहा और तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 39°C के करीब पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यहां पारा फिर से 40 डिग्री के पार जा सकता है.
अलवर : सुबह आसमान में बादल छाए रहने से मौसम अच्छा था, लेकिन दोपहर में तेज धूप खिली जिससे पारा 38°C तक पहुंच गया. हालांकि, शाम ढलते ही ठंडी हवाओं ने राहत दी.

अन्य सम्बंधित खबरे