It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

किसान, मजदूर, महिला और युवा वर्ग का हो रहा सर्वांगीण विकास - सीएम शर्मा
By Lokjeewan Daily - 11-07-2026

अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हमारी डबल इंजन सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है। रोडमैप बनाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिसका असर धरातल पर दिख रहा है। मुख्यमंत्री शनिवार को अजमेर के केकड़ी में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास करवाया गया है। साथ ही, 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के कार्य हुए हैं। वहीं, रेल नेटवर्क को विकसित करने के साथ ही नए एयरपोर्ट्स के जरिये प्रदेश विकास की नई उड़ान भर रहा है। उन्होंने कहा कि पानी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। राज्य सरकार ने प्रमुख जल परियोजनाओं पर फोकस करते हुए हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया। इसी क्रम में राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर प्रमुखता से कार्य करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार प्रमुख जातियों किसान, मजदूर, महिला और युवा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया, जिसे आने वाले समय में 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा। वहीं, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाने के साथ ही बिलों में अनुदान दे रहे है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के जरिये पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिल रहा है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाने के लिए हमारी सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं तथा 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। साथ ही, महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्व स्तरीय प्रोजेक्ट का लोकार्पण विकास की इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है।

अन्य सम्बंधित खबरे