It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : रातोंरात 18 आईपीएस अफसरों के ट्रांसफर
By Lokjeewan Daily - 15-07-2026

जयपुर। राजस्थान सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए मंगलवार देर रात 18 आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में महानिदेशक (DG) स्तर के दो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जोधपुर के पुलिस कमिश्नर, अजमेर और भरतपुर रेंज के आईजी (IG) भी बदले गए हैं। इसके अलावा राज्य के 4 जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों (SP) की तैनाती की गई है, जिसमें रिफाइनरी हादसे के बाद चर्चा में आए बालोतरा एसपी को फील्ड पोस्टिंग से हटाना सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। जोधपुर कमिश्नर और बालोतरा एसपी का तबादला चर्चा में इस पूरी ट्रांसफर लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट और बालोतरा जिले की हो रही है। जोधपुर पुलिस कमिश्नर शरत कविराज को कार्यभार संभालने के महज पौने पांच महीने के भीतर ही हटा दिया गया है, उन्हें अब आईजी क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह वर्तमान में आईजी एसएसबी के पद पर कार्यरत सीनियर आईपीएस अंशुमन भोमिया जोधपुर के नए पुलिस कमिश्नर होंगे।
वहीं दूसरी ओर, रिफाइनरी हादसे के कारण विवादों और चर्चा में आए बालोतरा के एसपी रमेश को फील्ड पोस्टिंग से हटा दिया गया है। उन्हें अब जयपुर में एसपी सी.बी. (ह्यूमन राइट्स एंड वीकर सेक्शन्स) के पद पर भेजा गया है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी मुख्यालय राजेश कुमार को अब बालोतरा का नया एसपी बनाया गया है।
महानिदेशक (DG) स्तर पर बदलाव और ट्रैफिक की नई कमान
तबादला सूची के अनुसार, महानिदेशक स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया गया है। सीनियर आईपीएस मालिनी अग्रवाल को डीजी और कमांडेंट जनरल होमगार्ड के पद से हटाकर डीजी पुलिस ट्रैफिक की अहम कमान सौंपी गई है। वहीं, अनिल पालीवाल को डीजी ट्रेनिंग एंड ट्रैफिक से ट्रांसफर कर डीजी और कमांडेंट जनरल होमगार्ड (जयपुर) के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही प्रदीप मोहन शर्मा को इंटेलिजेंस ट्रेनिंग एकेडमी से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल कमिश्नर (यातायात और प्रशासन) के पद पर तैनात किया गया है।
अजमेर और भरतपुर रेंज के आईजी भी बदले
सरकार ने दो बड़ी रेंजों के पुलिस महानिरीक्षक (IG) भी बदल दिए हैं। पुलिस मॉर्डनाइजेशन और वेलफेयर के आईजी डॉ. रवि को अब अजमेर रेंज का नया आईजी बनाया गया है, जो राजेंद्र सिंह का स्थान लेंगे। राजेंद्र सिंह को आईजी सतर्कता (जयपुर) भेजा गया है। इसी तरह, आईजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. प्रीति चंद्रा को भरतपुर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है। वे कैलाश चंद बिश्नोई की जगह लेंगी, जिन्हें ट्रांसफर कर आईजी पुलिस आधुनिकीकरण और कल्याण (जयपुर) लगाया गया है।
जोधपुर ग्रामीण, हनुमानगढ़ और प्रतापगढ़ के एसपी बदले
चार जिलों के पुलिस कप्तानों को बदलते हुए सरकार ने जोधपुर ग्रामीण की एसपी पीडी नित्या को वहीं पर एसीबी (ACB) एसपी के पद पर तैनात किया है। उनकी जगह आरएसी बटालियन-1 जोधपुर के कमांडेंट पंकज यादव जोधपुर ग्रामीण के नए एसपी होंगे।

अन्य सम्बंधित खबरे