It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

प्रदेश की महिलाओं को शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना:मुख्यमंत्री
By Lokjeewan Daily - 23-07-2026

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से तीन माह पहले शुरू किया गया संबल सखी अभियान आज महिला सशक्तीकरण का जनआंदोलन बन चुका है। संबल सखियों द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर संबल सखी यंग प्रोफेशनल्स से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान 2047 का संकल्प संबल सखियों के समर्पण से ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों, वंदे गंगा अभियान में संबल सखियों ने योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने संबल सखियों से संवाद करते हुए उनके विचार जाने। संबल सखियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस पहल पर उन्हें समाज के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का मौका मिल रहा है। वास्तविक लाभार्थियों को पहुंच रहे लाभ से उनको प्रेरणा मिलती है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला उत्थान के लिए मिला यह अवसर उन्हें पूरी निष्ठा और तन्मयता के साथ निभाना चाहिए। साथ ही, योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और समस्या के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार प्रमुख जातियों किसान, मजदूर, महिला और युवा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। राज्य सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, पर्याप्त सिंचाई जल, और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि उनकी आय और जीवन स्तर में सुधार हो सके। इसी प्रकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए हमारी सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं तथा 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हमारी डबल इंजन सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है। रोडमैप बनाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिसका असर धरातल पर दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ है। मई, जून और जुलाई के जिन महीनों में राज्य पूर्व में अन्य राज्यों से बिजली खरीदता था, वहीं इस बार राजस्थान ने न केवल अपनी जरूरतें पूरी की, बल्कि बिजली उत्पादन में सरप्लस उत्पादन कर अन्य राज्यों को भी बिजली बेचने का ऐतिहासिक कार्य किया है। साथ ही, सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के महत्वपूर्ण कार्य करवाए जा रहे हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे