It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राजस्थान में मानसून की विदाई से पहले झमाझम : उदयपुर में पुल पर बही नदी, टोंक में फसलें जलमग्न
By Lokjeewan Daily - 18-09-2026

जयपुर। राजस्थान से 19 सितंबर से मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, लेकिन जाते-जाते मानसून का अंतिम चरण प्रदेश को बुरी तरह भिगो रहा है। गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। उदयपुर, सलूंबर, चित्तौड़गढ़, टोंक और कोटा सहित कई जिलों में भारी बारिश से जहाँ नदियां और नाले उफान पर हैं, वहीं पारे में 7 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार को) भी राज्य के 28 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रमुख जिलों में बारिश का तांडव और नुकसान : उदयपुर और सलूंबर (नदी उफान पर): उदयपुर और सलूंबर में गुरुवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सलूंबर के झल्लारा में सरनी नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने रास्ते पर ट्रैफिक रोक दिया है।
चित्तौड़गढ़ (रातभर मूसलाधार, झरने बहे) : जिले के रावतभाटा क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। भारी बारिश के चलते ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ा और डब्को झरना तेज बहाव के साथ बहने लगा। राणा प्रताप सागर बांध के कैचमेंट एरिया में 9.20 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
टोंक (कटी फसलों को भारी नुकसान) : टोंक जिले में रातभर हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटकर रखी हुई पके फसलों के पानी में डूब जाने से वे पूरी तरह खराब हो गई हैं।
कोटा जंक्शन (बिजली पैनल में आग) : कोटा जंक्शन पर भारी बारिश के बीच अचानक एक बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट हो गया। पैनल में भीषण आग लगते ही स्टेशन पर यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान सवाई माधोपुर, करौली, नागौर, अजमेर और जयपुर में 4 इंच (100 मिमी) तक भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, झुंझुनूं और बीकानेर जिलों में 2 इंच तक पानी बरसा है।
पारे में 7 डिग्री तक की गिरावट
तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते प्रदेश भर में मौसम सुहावना हो गया है। पिलानी, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, नागौर, फतेहपुर, झुंझुनूं और अजमेर में अधिकतम तापमान में 2 से लेकर 7 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

अन्य सम्बंधित खबरे