It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

फलोदी में करोड़पति कनिष्ठ सहायक पर ACB का शिकंजा
By Lokjeewan Daily - 13-02-2026

जयपुर/बीकानेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार अलसुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। फलोदी जिले की पंचायत समिति बाप में तैनात कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार (छींपा) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करते हुए ब्यूरो की टीमों ने बीकानेर और फलोदी स्थित 05 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया।  कुबेर का खजाना: घर से निकले 75 लाख नकद एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि आरोपी शुभकरण परिहार के बीकानेर स्थित मातेश्वरी एन्कलेव आवास पर तलाशी के दौरान ब्यूरो की टीम दंग रह गई। अब तक की जांच में आरोपी के पास से करीब 75 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। इसके अलावा, बीकानेर के गंगाशहर और मातेश्वरी एन्कलेव स्थित ठिकानों से 1 किलो से अधिक सोना और 2 किलो चांदी के जेवरात मिलने की पुष्टि हुई है।
वैध आय से 938 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति
ब्यूरो को प्राप्त गोपनीय शिकायत के सत्यापन में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी ने अपने कार्यकाल के दौरान वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक अवैध परिसंपत्तियां अर्जित की हैं। आरोपी वर्तमान में ग्राम पंचायत उदट (बाप, फलोदी) में कार्यरत है, जबकि पहले वह कानासर में तैनात था। भ्रष्टाचार की इस काली कमाई की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
आलीशान मकान और 17 हेक्टेयर जमीन
एसीबी उपमहानिरीक्षक श्री भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में जारी इस कार्रवाई में अब तक निम्नलिखित संपत्तियों का खुलासा हुआ है:
बीकानेर शहर : 03 आलीशान मकान।
पुनरासर गांव : 01 भव्य रहवासी मकान।
कृषि भूमि : करीब 17 हेक्टेयर (लगभग 65-70 बीघा) बेनामी और स्वयं के नाम जमीन।
जारी है सर्च ऑपरेशन
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में बीकानेर और फलोदी में सर्च अभियान अभी भी जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और आशीष कुमार के नेतृत्व में टीमें अन्य दस्तावेजों और बैंक खातों की भी पड़ताल कर रही हैं। ब्यूरो के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर कई अन्य बेनामी संपत्तियों और बड़े निवेशों का खुलासा होने की पूरी संभावना है।

अन्य सम्बंधित खबरे