It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राजस्थान में 1 मई से शुरू होगी जनगणना
By Lokjeewan Daily - 29-04-2026

जयपुर । राजस्थान में 1 मई से जनगणना की शुरुआत होगी। पहले नागरिक 'स्व-गणना' कर सकते हैं और उसके बाद 16 मई से मकानों की गणना की जाएगी। राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश जारी किया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में अहम जानकारी देते हुए लिखा, "राज्य में 1 मई से जनगणना 2027 का शुभारंभ होने जा रहा है। 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक 'स्व-गणना' कर सकेंगे एवं 16 मई से 14 जून 2026 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों की गणना करेंगे।" उन्होंने आगे लिखा, "राजस्थान क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। जनगणना कर्मी लंबी दूरी तय कर आपके द्वार आएंगे। राजस्थान की अतिथि सत्कार की परंपरा को निभाते हुए उन्हें सही जानकारी प्रदान करें। आज आपके की ओर से दी गई सही सूचना, कल के 'विकसित राजस्थान' और 'विकसित भारत' के सपने को साकार करेगी।" सीएम भजनलाल ने पोस्ट में जनगणना से संबंधित लिंक भी शेयर किया।
वहीं, अपने वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, "भारत की जनगणना 2027 सिर्फ आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने वाला यज्ञ है। ये वो आधार है, जिस पर शासन की परियोजनाएं, संसाधनों का वितरण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित होती है। राजस्थान राज्य में जनगणना के पहले चरण में मकानों की सूची बनाने का काम और मकान की गणना का कार्य 16 मई से 14 जून तक घर-घर जाकर किया जाएगा।"
सीएम शर्मा ने आगे कहा कि 1 मई से नागरिकों को 'स्व-गणना' का अवसर मिलेगा, जिससे हर नागरिक इस राष्ट्रीय दायित्व का सहभागी बन सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, "जनगणना के कार्य में सहयोग देना, जैसे भवनों और मकानों पर जनगणना क्रमांक अंकित करने देना और मकानों की गणना से संबंधित प्रश्नों के सत्य, पूर्ण और स्पष्ट उत्तर देना विधि द्वारा निर्धारित कार्य है।"
उन्होंने अपने संदेश में प्रदेशवासियों से आग्रह करते हुए कहा, "जनगणना को केवल कानूनी बाध्यता के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के अवसर के रूप में अपनाएं। आपसे आग्रह है कि मकान और परिवार से संबंधित सटीक, सत्य और पूर्ण जानकारी प्रदान कर आप इस महान राष्ट्र यज्ञ में अपनी आहूति दें।"

अन्य सम्बंधित खबरे