खेत में अवैध रेत खनन रोकने पर खूनी संघर्ष, रात में 25-30 लोगों ने घर पर बोला धावा
- देर रात तक घर के बाहर जमे रहे हमलावर - पीडि़त दंपती ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
भीलवाड़ा। खेत में हो रहे कथित अवैध रेत खनन का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध के बाद शुरू हुआ विवाद देर शाम घर पर हमले तक पहुंच गया। आरोप है कि करीब 25 से 30 लोग दीवार फांदकर घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला और बच्चों के साथ मारपीट की, जिसमें पीड़ित की पत्नी का हाथ टूट गया। आरोप है कि हमलावर देर रात तक घर के बाहर जमे रहे और परिवार दहशत में रहा। पीड़ित का आरोप है कि वह लगातार पुलिस और कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगता रहा, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। मामले में सोमवार को पीड़ित दंपती पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी को परिवाद सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फूलियाकलां थाना क्षेत्र के बड़ला गांव निवासी शंभूलाल मीणा ने परिवाद में बताया कि 22 नवंबर की शाम करीब चार बजे वह अपने खेत पर गया था। वहां कुछ लोग खेत के ढावे पर कथित रूप से अवैध रेत खनन कर रहे थे। इससे खेत का कटाव हो रहा था। शंभूलाल ने अपनी जमीन बताते हुए खनन बंद करने के लिए कहा तो विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद खनन कर रहे लोगों ने ओमप्रकाश मीणा सहित अन्य को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद पहुंचे लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि वह घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने फूलियाकलां थाने चला गया, लेकिन इसी दौरान पीछे से विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया।
दीवार फांदकर घर में घुसे, पत्नी और बच्चों से मारपीट
परिवाद के अनुसार, शंभूलाल के थाने जाने के बाद शाम करीब 6 से 7 बजे ओमप्रकाश और गोविंद सहित नामजद आरोपियों तथा अन्य लोगों ने एकराय होकर उसके घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि करीब 25 से 30 लोग घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट तथा तोडफ़ोड़ की। इस दौरान उसकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसका हाथ टूट गया। बच्चों के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
रातभर दहशत में रहा परिवार, फोन करते रहे लेकिन नहीं मिली मदद
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने रात करीब दो बजे तक घर के आसपास हंगामा किया और घर के बाहर जमे रहे। इस दौरान परिवार के सदस्य भयभीत रहे। उसका बच्चा लगातार 100 और 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगता रहा। पीड़ित का कहना है कि उसने भी पुलिस और कंट्रोल रूम को कई बार फोन किया, लेकिन मौके पर कोई सहायता नहीं पहुंची। फूलियाकलां थाने में फोन करने पर कथित तौर पर उसे बताया गया कि सरपंच से बात हो गई है । पीड़ित ने घटना के वीडियो फुटेज, पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बातचीत की कॉल डिटेल और वॉयस रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराए है।
सरपंच चुनाव की रंजिश का भी लगाया आरोप
शंभूलाल ने पूरे घटनाक्रम के पीछे गांव की चुनावी रंजिश होने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि उसने हाल ही में सरपंच का चुनाव लड़ा था, जिसके बाद से वर्तमान सरपंच और कुछ लोगों की उससे रंजिश चल रही है। इसी के चलते आरोपियों ने एकराय होकर उसके परिवार पर हमला किया। पीड़ित ने एसपी से नामजद आरोपियों और उनके साथ आए अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने, परिवार को सुरक्षा देने तथा फूलियाकलां थाना पुलिस की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
100 फीट रोड पर मोड़ के पास खाखले से भरा ट्रक पलटा, टला बड़ा हादसा
6 घंटे पहले
फूलों व रोशनी से दमका दरबार: सिंघुनगर गुरुद्वारा साहिब में गूंजे गुरुवाणी के स्वर
6 घंटे पहले
सुभाषनगर में सीए छात्रा की मौत का मामला: लवकुश मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त
6 घंटे पहले
चिकित्सकीय समर्पण और सूझबूझ की मिसाल बनीं डॉ. अपूर्वा धोका जैन
7 घंटे पहले
सत्ता की रस्साकशी: भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव में फिर न उठानी पड़ जाए ‘गंगाजली’ !
एक दिन पहले
सत्ता की रस्साकशी: भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव में फिर न उठानी पड़ जाए ‘गंगाजली’ !
एक दिन पहले