मुख्य सामग्री पर जाएं

बुधवार, 25 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार रात 5 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी।
  • भारत-चीन समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ा सकता है अमेरिका
भीलवाड़ा

शादियों के सीजन में रहे अलर्ट : व्हाट्सएप पर आ रहे शादी के संदिग्ध कार्ड

- बैंक खातों से उड़ सकती है मोटी रकम - कार्ड आने पर भेजने वाले नंबर पर करे बात

ल

लोकजीवन संवाददाता

25 नवम्बर 2026, 01:10 PM 2 मिनट में पढ़ें

शादियों के सीजन में रहे अलर्ट : व्हाट्सएप पर आ रहे शादी के संदिग्ध कार्ड

 भीलवाड़ा। शादियों के सीजन में व्हाट्सएप के जरिए डिजिटल निमंत्रण भेजने के बढ़ते चलन के बीच साइबर ठग आमजन को निशाना बना रहे हैं। ठग शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम पर व्हाट्सएप पर संदिग्ध एपीके फाइल भेजकर मोबाइल में सेंध लगाने और बैंक खातों से रकम उड़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इस संभावित खतरे को देखते हुए साइबर एडवाइजरी के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। साइबर अपराधी शादी के डिजिटल कार्ड के नाम पर संदिग्ध एपीके फाइल भेजते हैं, जिसे कई लोग सामान्य निमंत्रण समझकर डाउनलोड और इंस्टॉल कर लेते हैं। जैसे ही यह फाइल इंस्टॉल होती है, मोबाइल में मैलवेयर सक्रिय हो सकता है और निजी जानकारी, फोटो, कॉन्टैक्ट्स, मैसेज तथा बैंकिंग डिटेल तक पहुंच बना सकता है। इसके जरिए ठग बैंकिंग ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।
ठग करते है परिचित के व्हाट्सएप अकाउंट पर कब्जा

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि ठग किसी परिचित के व्हाट्सएप अकाउंट पर कब्जा कर उसके नंबर से भी संदिग्ध शादी कार्ड भेज सकते हैं। इसलिए केवल परिचित के नंबर से निमंत्रण आने पर भी बिना पुष्टि किए फाइल डाउनलोड करना जोखिम भरा हो सकता है। बचाव के उपायों के तहत सलाह दी गई है कि व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण के नाम से आई किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें, संदिग्ध कार्ड मिलने पर संबंधित व्यक्ति को फोन कर पुष्टि करें, डिजिटल निमंत्रण के लिए फोटो, वीडियो या पीडीएफ जैसे सामान्य प्रारूपों का ही उपयोग करें, अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें, किसी भी अनजान ऐप को एसएमएस, कॉन्टैक्ट या अन्य अनावश्यक परमिशन न दें तथा बैंकिंग ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
सुविधा के साथ सतर्कता भी जरूरी
डिजिटल दौर में सुविधा के साथ सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है। शादी-ब्याह के सीजन में उत्साह और जल्दबाजी में बिना जांचे-परखे किसी भी फाइल या ऐप को खोलने से बचकर और बताई गई सावधानियों को अपनाकर ही साइबर ठगी के इस खतरे से सुरक्षित रहा जा सकता है।

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें