मुख्य सामग्री पर जाएं

रविवार, 29 नवम्बर 2026

लोकजीवन दैनिक
ई-पेपर
ब्रेकिंग
  • जल्द से जल्द यमुना जल समझौता और रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं को किया जाए पूर्ण : भजनलाल शर्मा
  • सुरक्षा बलों ने नाकाम की बड़ी आतंकी साजिश: शोपियां से ग्रेनेड और कारतूसों के साथ लश्कर के 3 मददगार गिरफ्तार
  • परिसीमन विधेयक पर मोदी सरकार ने तेज की सर्वदलीय कवायद, दो-तिहाई बहुमत मिलने का पूरा भरोसा
भीलवाड़ा

आज चुने जाएंगे उप प्रधान, खजूरी में सियासी उलटफेर, कांग्रेस की मनीषा ने निर्दलीय फॉर्म भरा, भाजपा का समर्थन

-चुनाव: 288 सदस्य चुनेंगे 16 उप प्रधान, जहाजपुर, खजूरी सहित सभी स्थानों पर कड़ी सुरक्षा

ल

लोकजीवन संवाददाता

28 नवम्बर 2026, 02:35 PM 9 मिनट में पढ़ें

आज चुने जाएंगे उप प्रधान, खजूरी में सियासी उलटफेर, कांग्रेस की मनीषा ने निर्दलीय फॉर्म भरा, भाजपा का समर्थन

भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज / जिले की सोलह पंचायत समितियों में कल प्रधान चुनने के बाद आज उप प्रधान के चुनाव हो रहे हैं। सभी जगह भाजपा-कांग्रेस मैदान में हैं। ऐसे में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान तय है। पंचायत समितियों में 288 सदस्य मतदान करेंगे। शत प्रतिशत मतदान होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
शहर से सटी सुवाणा पंचायत समिति में 27 सीटों में से 19 जीतकर कांग्रेस ने कल अपना प्रधान बनाया। आज उप प्रधान भी उसी का बनना तय है। इसकी वजह है भाजपा के पास 8 सीट होना। कांग्रेस ने यहां से नाराणी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के रामप्रसाद गाडरी मैदान में हैं। 

सबकी नजरें जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र की नवगठित खजूरी पंचायत समिति पर टिकी है, जहां कल प्रधान चुनाव को लेकर बवाल मचा था। कांग्रेस के निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को मतदान के लिए ला रही बस को रोककर नाराज लोगों ने तोडफ़ोड़ कर रास्ता जाम कर दिया था। 
आज खजूरी पंचायत समिति में उपप्रधान पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मनीषा मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा की ओर से मनीषा मीणा को समर्थन दिए जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस की ओर से हेमराज रैगर ने उपप्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की है। मनीषा मीणा को भाजपा का समर्थन मिलने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब सबकी निगाहें पंचायत समिति सदस्यों के समर्थन और मतदान के नतीजों पर टिकी हैं। खजुरी में उपप्रधान की कुर्सी किसके हिस्से आएगी, इसका फैसला चुनाव परिणाम से होगा।

जहाजपुर: कांग्रेस-भाजपा से मीणा की दावेदारी
जहाजपुर। सत्रह सदस्यीय जहाजपुर पंचायत समिति में उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं। कांग्रेस की ओर से रामप्रसाद मीणा ने उपप्रधान पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया, वहीं भाजपा की ओर से मीरा देवी मीणा ने अपना नामांकन प्रस्तुत कर दावेदारी जताई। यहां कांग्रेस की 10 सीटें व भाजपा की 5    सीटे हैं। दो निर्दलीय हैं। मुकाबला रोचक हो गया है। अब सभी की नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। पंचायत समिति सदस्यों के समर्थन और राजनीतिक समीकरणों के बीच उपप्रधान की कुर्सी किसके हिस्से आएगी, इसका फैसला आज होगा।

शंभूगढ़: प्रधान के बाद अब उप प्रधान भी निर्दलीय
शंभूगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने निर्दलीय महेंद्र सालवी को अपना बनाकर उप प्रधान के लिए मैदान में उतारा है। भाजपा ने नरेश सांड को प्रत्याशी बनाया। वहां कुल 15 में से      6 सीटें भाजपा,     7 सीटें कांग्रेस और 2 सीटें निर्दलीय के पास है। कांग्रेस ने कल प्रधान के चुनाव में भी निर्दलीय सुशीला देवी नायक को उतारा था। आज भी उप प्रधान ुचुनाव में भी यही दांव खेला है। इसलिए कांग्रेस का उप प्रधान तय है। 

शाहपुरा: कांग्रेस से सीमा एवं भाजपा से नेतू मैदान में 
शाहपुरा। पंचायत समिति शाहपुरा में कांग्रेस से सीमा जाट एवं भाजपा से नेतू देवी गुर्जर ने फार्म दाखिल किया। यहां 15 सदस्य में से 11 कांग्रेस व 4 भाजपा के हैं। मतदान के बाद मतगणना होगी। प्रधान के परिणाम के अनुसार ही उपप्रधान के परिणाम आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

बिजौलियां: भाजपा की निर्विरोध प्रधान के बाद अब उप प्रधान पर नजर
बिजौलियां। बिजौलिया पंचायत समिति में प्रधान पद के बाद अब उपप्रधान पद को लेकर राजनीतिक मुकाबला रोचक हो गया है। उपप्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। दोनों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। कांग्रेस के भंवर मीणा ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने प्रकाश चंद्र शर्मा पर भरोसा जताया। दोनों प्रत्याशियों ने आरओ छोटूलाल शर्मा के समक्ष नामांकन पत्र पेश किए।
बिजौलियां पंचायत समिति में 15 वार्ड हैं। कांग्रेस आठ सीटें जीत बहुमत में है। भाजपा की सात सीटें हैं। चुनाव को लेकर दोनों खेमों में रणनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस चुनाव को दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा से जोडक़र देखा जा रहा है। गौरतलब है कि कल प्रधान पद पर भाजपा के शिवराज सोयल निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतार पाई थी। यह चुनाव कांग्रेस और भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। 

कोटडी: भाजपा की केसर का बनना तय
कोटड़ी पंचायत समिति में कुल 27    सदस्य हैं। इसमें भाजपा के 16 और 11 कांग्रेस के हैं। भाजपा से कैलाश सुथार व कांग्रेस से केसर कंवर ने नामांकन भरा। यहां भाजपा बहुमत में होने के कारण केसर कंवर का उप प्रधान बनना तय है। 

मांडलगढ़: कांग्रेस का सूरज चमकेगा
मांडलगढ़ की 21 सीटों में से 12 कांग्रेस जीतकर बहुमत में है। यहां भाजपा 8 और निर्दलीय एक सदस्य है। यहां उप प्रधान पद पर काँग्रेस के सूरजमल गुर्जर ने नामांकन भरा।  बीजेपी से रामपाल धाकड़ ने नामांकन पत्र दाखिल किया। धाकड़ पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ के करीबी बताए जाते हैं। बहुमत के आधार पर कांग्रेस के सूरज की जीत मानी जा रही है। 

बनेड़ा: कांग्रेस के मेवा को मिलेगा मेवा
पंद्रह सदस्यीय बनेड़ा पंचायत समिति में उप प्रधान पद हेतु कुल 2 नामांकन दाखिल हुए हैं। कांग्रेस से मेवाराम गुर्जर ने तथा भाजपा से गीतादेवी जाट चुनाव में उतरे हैं। यहां कांग्रेस के पास 12 और भाजपा के पास महज 5 सीटें हैं। इस लिहाज से कांग्रेस के जीत का सेहरा बंधने की संभावना है। 

करेड़ा: कांग्रेस बहुमत में, जीत तय
करेड़ा पंचायत समिति की 17 सीटों में से12 सीटों के साथ कांग्रेस बहुमत में हैं। कांग्रेस से अनुराधा सोनी व भाजपा से दयाल सिंह चुंडावत चुनाव लड़ रहे। यहां भाजपा के पास महज पांच सीट है, ऐसे में जीत तो कांग्रेस की ही लगती है। 

मांडल: कांग्रेस के महेंद्र की विजय तय
21 सदस्यीय मांडल पंचायत समिति में उपप्रधान के लिए कांग्रेस ने महेंद्र मेघवंशी को चुनाव में उतारा है। वहीं  भाजपा से रतन लाल खटीक ने नामांकन पेश किया। यहां कांग्रेस 15 सीटों के साथ बहुमत में हैं, जबकि भाजपा के पास छह सीट है। 

फूलियाकलां: कांग्रेस बहुमत में
फूलियाकलां पंचायत समिति उपप्रधान पद के लिए कांग्रेस से लीला सुखपाल गुर्जर ने नामांकन दाखिल किया है।  भाजपा ने अभिषेक कलाल को उतारा।  वहां 15 सीटों में से भाजपा 4, कांग्रेस 10 और आरएलपी के पास एक सीट है। 

रायपुर: प्रधान के बाद अब उप प्रधान पर सबकी निगाहें
प्रधान चुनाव में मात खाई कांग्रेस ने रायपुर पंचायत समिति में उप प्रधान पद के लिए अनिता पारीक को मैदान में उतारा है। वहां भाजपा ने मुकेश कुमावत को मैदान में उतारा है। अब देखना ये है कि क्या भाजपा प्रधान की तरह ही आज उप प्रधान में भी यहां कोई खेला कर सकती है। 15 सदस्यीय रायपुर पंचायत समिति में भाजपा 6, कांग्रेेस 8 और एक निर्दलीय सदस्य है। 

सहाड़ा: भाजपा-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला
सहाड़ा पंचायत समिति के उप प्रधान के लिए भाजपा से भैरूलाल गाडरी तथा कांग्रेस से कमला देवी बहेडिय़ा ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। 19 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा 10 और कांग्रेस के पास 9 सीट है। कल भाजपा का प्रधान बना था। 

आसींद: भाजपा-कांग्रेस मैदान में
आसींद में उप प्रधान चुनाव में नौ सीटों के साथ बहुमत में भाजपा ने  मेघा राठौड़ को टिकट दिया है। कांग्रेस से कंचन कुमावत ने फार्म भरा है। यहां कुल 15 सीटों में से कांग्रेस महज 4 सीटों पर जीती थी, जबकि दो सीटें निर्दलियों के पास है। इस लिहाज से भाजपा का उप प्रधान बनना तय है।

हुरड़ा: भाजपा-कांग्रेस मैदान में
सत्रह सीटों वाली हुरड़ा     पंचायत समिति में कांग्रेस के पास 10 सीटे हैं। यहां भाजपा को 4, आरएलपी को 1 व निर्दलीय की 2 सीट है। कांग्रेस ने कृष्णा देवी वैष्णव को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने अनिता मेवाड़ा को उम्मीदवार बनाया है। यहां भी मुकाबला दिलचस्प है। 
————


बहुमत में कांग्रेस भारी, पर प्रधान बनाने में भाजपा ने दिखाई रणनीति
- कांग्रेस के 10 और भाजपा के 6 प्रधान बने
लोकजीवन न्यूज सर्विस, भीलवाड़ा
जिले की 16 पंचायत समितियों के 288 सदस्यों के चुनाव में भाजपा पर कांग्रेस भारी पड़ी। उसे 12 पंचायत समितियों में बहुमत मिला। शंभूगढ़ पंचायत समिति में सबसे बड़ी पार्टी बनी, पर प्रधान बनाने में भाजपा ने पटखनी दे दी। कांग्रेस 10 प्रधान बना पाई, जबकि भाजपा ने तीन पंचायत समितियों में बहुमत होने के बावजूद छह प्रधान बना दिए। 
भाजपा ने कोटड़ी, खजूरी, रायपुर, सहाड़ा, बिजौलिया और आसींद पंचायत समितियों में प्रधान पद पर जीत दर्ज की। कोटड़ी से कन्हैया लाल जाट, खजूरी से आशा देवी, रायपुर से केसर देवी जाट, सहाड़ा से रतन कंवर, बिजौलिया से शिवराज सोयल और आसींद से मनसुख सिंह गुर्जर प्रधान निर्वाचित हुए। कांग्रेस ने सुवाणा, बनेड़ा, हुरड़ा, मांडल, मांडलगढ़, करेड़ा, शंभूगढ़, जहाजपुर, फूलियाकलां और शाहपुरा पंचायत समितियों में जीत दर्ज की। सुवाणा से रेखा जाट, बनेड़ा से भंवर लाल भील, हुरड़ा से जगदीश जाट, मांडल से पूरण कंवर, मांडलगढ़ से गणेश लाल, करेड़ा से बाली देवी, शंभूगढ़ से सुशीला देवी नायक, जहाजपुर से सीता देवी, फूलियाकलां से कमला देवी रैगर और शाहपुरा से पुष्पा लढ़ा प्रधान निर्वाचित हुईं।
—————
 

यह खबर अपने दोस्तों के साथ साझा करें

और भी भीलवाड़ा की खबरें

और देखें