It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

राजसमंद में अस्पतालों की कैंटीन एवं होटल का निरीक्षण, एक्सपायरी खाद्य सामग्री करवाई नष्ट
By Lokjeewan Daily - 30-09-2026

राजसमंद लोकजीवन।  खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 24 सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में संचालित कैंटीन तथा उनके आसपास स्थित रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को प्रेमचंद शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने पगारिया हॉस्पिटल एवं राधिका हॉस्पिटल के आसपास संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, उपयोग में लिए जा रहे खाद्य तेल एवं अन्य सामग्री की जांच की गई। दल ने छोगाला स्वीट्स का निरीक्षण कर लगभग 10 लीटर खराब एवं उपयोग किए जा चुके कुकिंग ऑयल को मौके पर ही नष्ट करवाया। प्रतिष्ठान से गुलाब जामुन का 1 नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिया गया। इसी प्रकार अंबे डेयरी के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी नमकीन के पाउच नष्ट करवाए गए तथा घी का 1 नमूना जांच के लिए लिया गया। भीलवाड़ा रोड स्थित अशोका होटल के निरीक्षण के दौरान गेहूं के आटे एवं खाद्य तेल के नमूने लिए गए। यहां एक्सपायरी तेल एवं अन्य खाद्य सामग्री भी नष्ट करवाई गई। निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर प्रतिष्ठान को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विशेष अभियान 30 सितंबर तक नियमित रूप से जारी रहेगा। इस दौरान जिले में संचालित सरकारी एवं निजी अस्पतालों की कैंटीन के साथ उनके आसपास संचालित रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल में सीमा कुमारी, राहुल कुमार जाट, मनीष कुमार एवं मुकेश कटारा शामिल रहे।

अन्य सम्बंधित खबरे