सत्ता की रस्साकशी: भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव में फिर न उठानी पड़ जाए ‘गंगाजली’ !
45 सदस्यीय जिला परिषद में 31 सीटें जीतकर भी कांग्रेस में भितरघात का डर
रामलाल जाट व धीरज गुर्जर की खींचतान के बीच तीन नामों पर फंसा पेंच
2005 में क्रॉस वोटिंग के बाद उठानी पड़ी थी गंगाजली
2005 के भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के पास बहुमत के बावजूद हुई क्रॉस वोटिंग और ‘गंगाजली’ उठाने (हाथ में गंगाजल से भरा पात्र लेकर सौगंध खाना) का वाक्या एक बार फिर चर्चा में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिवचरण माथुर को भी उस वक्त गंगाजली उठानी पड़ी थी। मेवाड़ व भीलवाड़ा की राजनीति के सबसे चर्चित राजनीतिक घटनाक्रमों में से यह एक रहा है।
इस बार भी कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं पूर्व मंत्री एवं देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट व राष्ट्रीय सचिव व पूर्व बीज निगम अध्यक्ष धीरज गुर्जर के बीच जिला प्रमुख को लेकर रस्साकशी शुरू हो गई है। 45 सदस्यीय जिला परिषद में इस बार 31 सदस्य कांग्रेस के जीते हैं। सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित जिला प्रमुख सीट के लिए कांग्रेस से खनन व्यवसायी सत्यप्रकाश डीडवानिया, मांडल के पूर्व विधायक विजय सिंह के पुत्र दुर्गपाल सिंह व खनन व्यवसायी कैलाश मीणा के नाम चर्चा में हैं। 14 सीट जीतने वाली भाजपा का नेतृत्व भी जोड़तोड़ में जुटा है कि दो नेताओं की खींचतान में कहीं कोई करिश्मा हो जाए।
प्रदेश में भाजपा सरकार, कांटे का मुकाबला
2005 में प्रदेश में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में भाजपा सरकार थी। पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर मांडलगढ़ विधायक थे। जिला परिषद पर कब्जा बरकरार रखना उनके और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल था। माथुर स्वयं 1961 से 1965 तक जिला प्रमुख रहे थे। फरवरी 2005 में जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा की ओर से इंजी. कन्हैयालाल धाकड़ मैदान में थे। कांग्रेस अपना बोर्ड बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही थी। मुकाबला बेहद कांटे का था। राज्य में भाजपा की सरकार होने के कारण कांग्रेस खेमे को अपने ही सदस्यों के टूटने और क्रॉस वोटिंग का गहरा अंदेशा था।
माथुर के पास थी रणनीति की कमान
सियासी जोड़-तोड़ से अपने सदस्यों को बचाने के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने सभी जीते हुए जिला परिषद सदस्यों की बाड़ेबंदी की। इस पूरी रणनीति की कमान खुद माथुर संभाल रहे थे। जब कांग्रेस के कुछ सदस्यों के पाला बदलने या भाजपा के संपर्क में होने की भनक लगी, तो पार्टी के प्रति वफादारी सुनिश्चित करने के लिए मेवाड़ की पारंपरिक रीत ‘गंगाजली’ का सहारा लिया गया।
2005 में भी भाजपा सरकार थी और अभी भी है। इस स्थिति के चलते ही राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कहीं इस बार फिर ‘गंगाजली’ न उठानी पड़ जाए।
सदस्यों को कसम खिलाई- किसी भी लालच में नहीं आएंगे
माथुर की मौजूदगी में कांग्रेस के सभी जिला परिषद सदस्यों को गंगाजली हाथ में लेकर कसम खिलवाई गई कि वे मतदान के दौरान किसी भी लालच या दबाव में नहीं आएंगे और केवल कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी शंकर लाल जाट को ही वोट देंगे। जब 10 फरवरी 2005 को जिला प्रमुख चुनाव का नतीजा आया तो कांग्रेस स्तब्ध रह गई। कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने ऐन वक्त पर क्रॉस वोटिंग कर दी। भाजपा प्रत्याशी इंजी. कन्हैयालाल धाकड़ चुनाव जीत गए और जिला प्रमुख बने। वे 10 फरवरी 2005 से 17 फरवरी 2010 तक जिला प्रमुख रहे।
तब माथुर को भी उठानी पड़ी गंगाजली
क्रॉस वोटिंग की लंबे समय तक राजनीतिक गलियारों में चर्चा रही। कांग्रेस के भीतर ही भीतरघात और गुटबाजी के आरोप लगने लगे। पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें माथुर के खेमे की तरफ उठीं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उठे संदेह को खत्म करने के लिए माथुर को भी कांग्रेस कार्यालय में खुद हाथ में गंगाजली उठाकर यह कसम खानी पड़ी थी कि उन्होंने न तो क्रॉस वोटिंग कराई है और न ही किसी सदस्य को इसके लिए कहा है।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
सत्ता की रस्साकशी: भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव में फिर न उठानी पड़ जाए ‘गंगाजली’ !
35 मिनट पहले
कोटड़ी रोड पर हादसा: बाइक सवार दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
3 घंटे पहले
सरस डेयरी में एयर स्ट्राइक से भडक़ी आग, मिनटों में पहुंची पुलिस, दमकल और एंबुलेंस
3 घंटे पहले
चेक अनादरण के मामलों के निस्तारण को विशेष लोक अदालत शुरू, 12 बैंचों पर हो रही सुनवाई
21 नवम्बर 2026
नन्हे कदमों की सुरक्षा के पल्स पोलियो महाअभियान कल से, निकाली जनजागरूकता रैली
21 नवम्बर 2026
प्र्रदूषण के खिलाफ अब देश के 4 लाख डॉक्टर मैदान में, आईएमए तैयार करेगा श्वेत पत्र
21 नवम्बर 2026