कमला हत्याकांड: चौथा आरोपी कालू अब तक फरार, दो आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस फिर मांगेगी रिमांड
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज। शहर के बहुचर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले 72 वर्षीय कमला देवी हत्याकांड में आज अपराह्न में पुलिस मुख्य आरोपियों को पुन: न्यायालय में पेश करेगी। वृद्धा की गला दबाकर हत्या, शव को जलाकर नाली में बहाने और लूटे गए गहनों के पैसों से 40 दोस्तों को मीट पार्टी देने वाले मुख्य आरोपी रवि तापडिय़ा और उसके साथी हीरा सिंधी की 7 दिन की पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है। मामले में फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी, वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस अदालत से दोनों आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग करेगी। दरअसल, भीमगंज थाना क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस की तफ्तीश लगातार तेज होती जा रही है। मुख्य आरोपी रवि तापडिय़ा और उसके सहयोगी हीरा सिंधी को पूर्व में न्यायालय द्वारा 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था, जिसकी मियाद आज पूरी हो रही है। पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ और साक्ष्य संकलन के लिए दोबारा रिमांड पर लेने की अर्जी दाखिल करेगी। पुलिस के अनुसार, वारदात में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी, फरार चौथे आरोपी कालू तापडय़िा की गिरफ्तारी और लूटे गए बाकी आभूषणों की रिकवरी के लिए आरोपियों से अभी गहन पूछताछ जरूरी है। इससे पहले, तीसरे आरोपी आर्यन को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
वारदात स्थल का किया दोबारा मुआयना
इससे पूर्व भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी, मेडिकल जूरिस्ट डॉ. चेतन प्रकाश जैन और एफएसएल की टीम ने वारदात स्थल आरके कॉलोनी स्थित मकान का पुन: मुआयना किया था, जहां नाली से हड्डियां और अन्य अहम साक्ष्य बरामद हुए थे। पुलिस इन हड्डियों का डीएनए परीक्षण करवा रही है ताकि मृतका की शिनाख्त वैज्ञानिक रूप से पुख्ता हो सके।
सोने की चुडिय़ां बेच की थी मीट पार्टी
जांच में यह भी खुलासा हो चुका है कि 12 अक्टूबर की रात रवि मकान और दुकान अपने नाम कराने के विवाद में कमला देवी को वहां ले गया था, जहां तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी गई और शव को छत पर ले जाकर जला दिया गया था। इसके बाद लूटे गए गहनों में से तीन सोने की चुडिय़ां गुलमंडी के एक सर्राफा कारोबारी को 4.28 लाख रुपये में बेचकर करीब 40 दोस्तों के साथ मीट पार्टी की गई थी। पुलिस अब तक लूटी गई चेन, पेंडल और मंगलसूत्र बरामद कर चुकी है, जबकि बाकी कडिय़ों को जोडऩे के लिए रिमांड विस्तार की तैयारी में है। लोभ और क्रूरता की पराकाष्ठा बने इस हत्याकांड में पुलिस हर एक तकनीकी और भौतिक साक्ष्य को जोडऩे में जुटी है। डीएनए रिपोर्ट, एफएसएल जांच और आरोपियों से संभावित नए रिमांड के दौरान मिलने वाली जानकारियां इस जघन्य अपराध के हर पहलू को बेनकाब करने में निर्णायक साबित होंगी।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
मौसम के दोहरे तेवर: दिन में चुभती धूप, रात में सिहरन-16 डिग्री के अंतर से लोग हो रहे बीमार
4 घंटे पहले
एमसीएच के पालने में मिले प्री-मैच्योर मासूम सोम की सांसों की जंग टूटी
4 घंटे पहले
रोशनी से जगमगा रही वस्त्रनगरी, दीपावली को लेकर बाजारों में खरीदारी जोरों पर
4 घंटे पहले
खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: दो कोल्ड स्टोरेज पर छापा, 1 हजार किलो गुड़ और 500 किलो लाल मिर्च कराई नष्ट
23 घंटे पहले
फर्जी मतदान और मतगणना में धांधली को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन
एक दिन पहले
नागदी बांध मोड़ पर हादसों के बाद भी सुरक्षा के नाम पर खानापूर्ति!
एक दिन पहले