छठ महापर्व: खरना पर गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर शुरू हुआ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत
-आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ेगा सैलाब- भोजपुरी कलाकारों की सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां
भीलवाड़ा लोकजीवन। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को शहर में रह रहे पूर्वांचल सहित प्रवासी समाज के परिवारों में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ 'खरना' मनाया गया। खरना के अवसर पर व्रतियों ने शनिवार को दिनभर कठोर निर्जला उपवास रखा। शाम को स्नान आदि से निवृत्त होकर शुद्धता के साथ मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच से गुड़ की खीर, घी लगी रोटी और फलों का विशेष प्रसाद तैयार किया गया। इसके पश्चात कुलदेवी और भगवान सूर्यदेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भोग लगाया गया। व्रतियों ने स्वयं प्रसाद ग्रहण किया और फिर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों व पड़ोसियों में प्रसाद का वितरण किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का अत्यंत कठिन निर्जला व्रत शुरू हो गया है। अब महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम को व्रती और श्रद्धालु शहर के विभिन्न जलाशयों व घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने और पारण करने के साथ इस पावन महापर्व का समापन होगा।
भोजपुरी सितारों की महफिल, गूंजे छठ के पारंपरिक गीत
छठ महापर्व के पावन अवसर पर पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दो दिवसीय छठ महोत्सव का आगाज किया गया। संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने बताया कि शनिवार रात मानसरोवर झील, पटेल नगर में आयोजित प्रथम सांस्कृतिक संध्या में फिल्म अभिनेत्री भारती मेहता मुख्य आकर्षण रहीं। कार्यक्रम में भोजपुरी संगीत के लोकप्रिय गायक त्रिलोक झा ने अपनी भक्तिमय गायकी से समां बांधा, वहीं सुप्रसिद्ध गायिका संजना ने छठ के पारंपरिक गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। छपरा के सुपरस्टार गायक श्याम सिंह ने अपनी खास शैली से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भोजपुरी अभिनेत्री नैना सिंह की विशेष प्रस्तुतियों और नृत्यांगनाएं यीशु गुप्ता व आरोही के आकर्षक नृत्य ने संध्या को यादगार बना दिया।
आज लेबर कॉलोनी में सजेगी वृंदावन की लीला
महोत्सव के तहत रविवार शाम 7 से रात्रि 10 बजे तक श्रम कल्याण केंद्र, लेबर कॉलोनी मैदान में भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से वृंदावन के कलाकार देवी-देवताओं की लीलाओं का नाटकीय रूपांतरण व जीवंत झांकियां प्रस्तुत करेंगे। आयोजन को लेकर शुक्रवार को हुईँ प्रेस वार्ता में समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्थानी व सदस्य दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, रामवती देवी, पूनम, मंजू देवी, राजऋषि, वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, राकेश मानसिंहका, गोपाल माली, ललित अग्रवाल, चेतन मानसिंहका, राजकुमार माली, मुरली मनोहर सेन और महावीर तेली सहित अनेक सदस्यों ने जानकारी दी।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
सीए छात्रा की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत का आरोप: मेडिकल स्टोर को लगाई आग, हुआ जमकर हंगामा, तहसीलदार ने की दुकान सीज
6 घंटे पहले
आस्था और उल्लास का संगम: महालक्ष्मी दर्शन लाभ मेले में उमड़ा जनसैलाब, लकी ड्रॉ में 51 महिलाओं ने जीते चांदी के सिक्के
6 घंटे पहले
मेजा नहर की दीवार टूटी, निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, दो दिन पहले ही प्रशासन ने सिंचाई के लिए खोला था पानी, क्षेत्रवासियों का आरोप-घटिया निर्माण
13 नवम्बर 2026
सर्द रात में बजी ममता की घंटी, पालना गृह में मिली नन्ही परी को मिला दीया नाम
13 नवम्बर 2026
रास्ते में तेज हुई प्रसव पीड़ा, 108 एम्बुलेंस में ईएमटी की सूझबूझ से गूंजी नवजात की किलकारी
13 नवम्बर 2026
छीपा बिल्डिंग के पास स्थित रेडीमेड शोरूम में आग से लाखों का नुकसान
13 नवम्बर 2026