उमड़ा आस्था का सैलाब: 16,108 तुलसी-शालिग्राम विवाह के साक्षी बने हजारों श्रद्धालु
-दूल्हा बनकर पधारे मेवाड़ धणी चारभुजानाथ
- आजादनगर क्षेत्र से निकली भव्य बारात
भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी की सडक़ों पर शुक्रवार को भक्ति, आस्था और शाही ठाठ-बाट का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला, मानो साक्षात देवलोक धरा पर उतर आया हो। अवसर था श्री तुलसी शालिग्राम विवाह महोत्सव सेवा समिति के तत्वावधान और श्री वल्लभ संकीर्तन सेवा संघ के संयोजन में आयोजित ऐतिहासिक 16,108 श्री तुलसी-शालिग्राम विवाह महामहोत्सव का। सुबह की पहली किरण के साथ ही पूरा शहर जय चारभुजानाथ और तुलसी मैया की जय के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
रथ, खुली जीप और गजराज पर निकली शाही बारात
आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी एवं संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि सुबह 8.30 बजे आजाद नगर स्थित एमपीएस स्कूल परिसर में प्रारंभिक रस्मों के साथ ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमडऩा शुरू हो गया था। ठीक 9.30 बजे जयकारों के बीच भव्य बारात शोभायात्रा का आगाज हुआ। इस महामहोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि स्वयं मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ दूल्हा बनकर पधारे। उनके साथ भीलवाड़ा के बड़े चारभुजानाथ, दूधाधारी गोपालजी, संजय कॉलोनी चारभुजानाथ, सांगानेर चारभुजानाथ, रावला चारभुजानाथ बिलिया, शेष सहायजी मांडल, दांथल श्याम और सांवरिया सेठ नौगांवा के ठाकुरजी भी बाराती बनकर शोभा बढ़ाते नजर आए।
फूलों से पटी सडक़ें, केसरिया रंग में रंगा माहौल
शोभायात्रा के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आया। गेंदे के पीले और नारंगी फूलों से सजी खुली जीपों व रथों में विराजमान ठाकुरजी के विग्रहों पर सेवादार निरंतर चंवर ढुलाते चले। वहीं, लाल शाही झूल से सजे गजराज पर निकली भगवान की सवारी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कचोलिया ने बताया कि बारात में पुरुष पारंपरिक केसरिया व लाल साफे और दुपट्टे धारण किए शामिल हुए, तो मातृशक्ति पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सज-धजकर मंगल गीत गाती चली। ढोल-नगाड़ों की थाप और भजनों की मधुर धुनों पर भक्त दोनों हाथ ऊपर उठाकर भाव-विभोर हो नृत्य करते दिखे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुए स्वागत के कारण शहर की सडक़ें फूलों की पंखुडय़िों से पट गईं।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पाणिग्रहण संस्कार
प्रमुख मार्गों से होती हुई यह दिव्य बारात जब महामहोत्सव स्थल पहुंची, तो सुबह 11.15 बजे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तोरण की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात दोपहर 12.15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने इस अलौकिक और दिव्य विवाह के साक्षी बनकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पाणिग्रहण के बाद बारात की विदाई की रस्म निभाई जाएगी। बारात का आयोजन के सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज, मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा, आयोजन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी सहित हजारों श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। यहां तोरण की रस्म के दौरान पुष्प वर्षा होती रही। मेवाड़ धणी श्रीगढ़बोर चारभुजानाथ ने हाथी पर बिराजित होकर तोरण मारा तो उस अद्भुत नजारे की झलक पाने के लिए श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। तोरण की रस्म के बाद पाणिग्रहण संस्कार की रस्मे शुरू हुई। इस विवाह का साक्षी बनने के लिए मंच पर पहुंचे सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिय़ा, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित विभिन्न अतिथियों का आयोजन सूत्रधार गौवत्स विष्णुश्री कृष्णतनय महाराज ने स्वागत किया।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
गांवों की सत्ता में कांग्रेस: जिला परिषद में भारी बढ़त, 16 में से 13 पंचायत समिति जीती, भाजपा को करारा झटका
9 घंटे पहले
देवउठनी ग्यारस पर सामूहिक विवाह सम्मेलनों की धूम, कई जोड़े बंधे विवाह सूत्र में
12 घंटे पहले
बदनोर व जोधड़ास के दो मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित
एक दिन पहले
सांसें थमीं, पर ज्ञान का दीप जला गए: 'प्रथम गुरु' के सम्मान में झुके भावी चिकित्सकों के शीश
एक दिन पहले
तुलसी संग ब्याह रचाने पहली बार पधारे मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजानाथ, सजीव झांकी और भजनों पर झूम उठे हजारों श्रद्धालु
एक दिन पहले
गुरला में आधी रात मकान में भीषण आग, 2 से 3 लाख का सामान जलकर खाक
18 नवम्बर 2026