पीएम मोदी ने मनीला में थाईलैंड के प्रधानमंत्री से की मुलाकात, रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर बनी सहमति
मनीला/नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी, डिजिटल तकनीक, संस्कृति, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक में विदेश सचिव विक्रम मिसरी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर लिखा,''मनीला में आयोजित आसियान से जुड़े शिखर सम्मेलनों के दौरान थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल सेमुलाकात करके खुशी हुई। मैंने प्रधानमंत्री पद संभालने पर व्यक्तिगत रूप से उन्हें बधाई दी और अपनी शुभकामनाएं दीं। भारत और थाईलैंड समुद्री पड़ोसी देश हैं। दोनों देशों को सदियों पुराना साझा इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं एक-दूसरे से जोड़ती हैं।''
उन्होंने पोस्ट किया, ''हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने और उसमें नई गति लाने के तरीकों पर चर्चा की। खास तौर पर व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी और संस्कृति क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बात हुई। भारत और थाईलैंड के बीच मजबूत रिश्ते हैं और हम आने वाले समय में अपने सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और इंडो-पैसिफिक विजन में थाईलैंड एक महत्वपूर्ण साझेदार है। अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की बैंकॉक यात्रा के दौरान भारत और थाईलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया था। इससे पहले मार्च में प्रधानमंत्री मोदी ने अनुतिन चर्नविराकुल को थाईलैंड का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी थी और उनके साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी।
बधाई संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, "थाईलैंड साम्राज्य के प्रधानमंत्री चुने जाने पर अनुतिन चर्नविराकुल को हार्दिक बधाई। मैं उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। हम दोनों मिलकर भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाएंगे। हमारे संबंध साझा सभ्यतागत विरासत, गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर आधारित हैं। भारत और थाईलैंड शांति, प्रगति और समृद्धि के साझा लक्ष्य के लिए एकजुट हैं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने यह संदेश तब दिया था जब 'भूमजैथाई पार्टी' के उम्मीदवार अनुतिन चर्नविराकुल प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स) में बहुमत हासिल कर दोबारा थाईलैंड के प्रधानमंत्री चुने गए थे।
भारत और थाईलैंड के बीच लंबे समय से दोस्ताना और मजबूत रिश्ते रहे हैं। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1947 में स्थापित हुए थे। साल 2022 में दोनों देशों ने अपने कूटनीतिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न भी मनाया था।
थाईलैंड की ‘एक्ट वेस्ट’ नीति, भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के साथ अच्छी तरह मेल खाती है। इसके अलावा थाईलैंड भारत का एक समुद्री पड़ोसी देश भी है। थाईलैंड आसियान, ईस्ट एशिया समिट, बिम्सटेक, मेकांग-गंगा सहयोग, एशिया कोऑपरेशन डायलॉग, इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन और अय्यावदी-चाओ फ्राया-मेकांग आर्थिक सहयोग रणनीति जैसे कई क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का महत्वपूर्ण साझेदार है।
और भी बड़ी खबर की खबरें
और देखें
ब्रिटिश प्रिंस विलियम ने मुंबई में इलेक्ट्रिक ऑटो चलाया
7 घंटे पहले
फिलीपींस यात्रा : 'आसियान देशों के साथ मित्रता को विशेष महत्व देता है भारत-प्रधानमंत्री मोदी
एक दिन पहले
श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार
एक दिन पहले
प्रधानमंत्री मोदी अगले हफ्ते आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के लिए जाएंगे फिलीपींस
12 नवम्बर 2026
भारत-मोल्दोवा एफओसी की तीसरी बैठक, दोनों देशों ने साझेदारी को मजबूत करने पर दिया जोर
11 नवम्बर 2026
पीएम मोदी ने पुणे मेट्रो की पिंक लाइन का किया उद्घाटन, बोले-12 वर्षों में मेट्रो ट्रांसपोर्ट का हुआ कायाकल्प
03 नवम्बर 2026