दीपोत्सव की तैयारियां :सजने लगे बाजार, दुकानों पर बिखरी सतरंगी छटा, खरीदारी ने पकड़ा जोर
- प्रमुख सर्किलों पर रंग-रोगन और आकर्षक रोशनी - कृत्रिम फुलमाला, इको-फ्रेंडली सजावट पहली पसंद
भीलवाड़ा लोकजीवन न्यूज। रोशनी, उमंग और खुशियों के महापर्व दीपावली के आगमन से पहले ही वस्त्रनगरी भीलवाड़ा के बाजारों में जबर्दस्त रौनक लौट आई है। त्योहार में अभी कुछ दिन शेष हैं, लेकिन शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों, मुख्य सडक़ों से लेकर अंदरूनी तंग गलियों तक दीपोत्सव की तैयारियां परवान चढऩे लगी हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और सर्किलों का नगर निगम व सामाजिक संगठनों के सहयोग से रंग-रोगन कर उन्हें आकर्षक रूप दिया जा रहा है। वहीं, बाजारों में दुकानें रंग-बिरंगी झालरों, आधुनिक लाइटों और पारंपरिक सजावटी सामग्रियों से पूरी तरह सज चुकी हैं, जो राहगीरों को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
दुकानों पर सजीं पारंपरिक व आधुनिक सामग्री
शहर के सूचना केंद्र चौराहा, गोल प्याऊ, बड़ा मंदिर, भोपालगंज, आजाद चौक और संकट मोचन क्षेत्र के बाजारों में ग्राहकों की सुविधा के लिए सजावटी सामान की अस्थाई व स्थाई दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर हर वर्ग के बजट और पसंद के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध हैं। मुख्य रूप से घरों और प्रतिष्ठानों के द्वारों पर लगने वाली कृत्रिम गेंदा, गुलाब के फूलों की लडय़िां, मोती-सितारों से जड़ी कलात्मक बंदनवारें (तोरण), शुभ-लाभ के स्टीकर और मांडणे खूब पसंद किए जा रहे हैं। इसके साथ ही गोटा-पत्ती, कांच और चमकीले कागज से तैयार हाथ की कारीगरी वाले पारंपरिक उत्पादों की भी खासी मांग देखी जा रही है।
इको-फ्रेंडली उत्पादों का बढ़ा क्रेज
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस बार ग्राहकों का रुझान प्लास्टिक उत्पादों के बजाय मिट्टी, कपड़े, जूट और प्राकृतिक रंगों से बने पर्यावरण-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) सजावटी सामानों की ओर अधिक है। खासकर महिलाओं और युवाओं में अपने घरों व पूजा स्थलों को नया और आकर्षक रूप देने के लिए डिजाइनर दीयों, फ्लोटिंग मोमबत्तियों और रंगोली स्टेंसिल की खरीदारी का भारी उत्साह नजर आ रहा है। त्योहार से पहले ही बाजारों में ग्राहकी शुरू होने से स्थानीय दुकानदारों और महिला उद्यमियों के चेहरों पर खुशी की चमक साफ देखी जा सकती है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा बूम
व्यापारियों के अनुसार, धनतेरस और रूप चतुर्दशी जैसे-जैसे नजदीक आएंगे, ग्रामीण और शहरी अंचलों से खरीदारों की भीड़ में और इजाफा होगा। कपड़ा और सर्राफा बाजार के साथ-साथ सजावटी सामानों के कारोबार में इस बार रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे पूरा भीलवाड़ा बाजार दीपावली पर पूरी तरह गुलजार रहेगा।
और भी भीलवाड़ा की खबरें
और देखें
कोठारी नदी भदाली खेड़ा पुलिया पर ब्लेक स्पॉट सुधारें, रामस्नेही अस्पताल के सामने अवैध कट बंद करें
53 मिनट पहले
कमला देवी हत्याकांड: 40 दोस्तों की पार्टी में बकरे का था मांस, लकडिय़ों की टाल के संचालक से भी पूछताछ
2 घंटे पहले
कोल्ड स्टोरेज पर छापा, 15 क्विंटल धनिया और लाल मिर्च सीज
19 घंटे पहले
तीन कर्मचारी चुनाव में नहीं गए, आठ प्रशिक्षण में ही नहीं आए, नोटिस
एक दिन पहले
बिना टिकिट यात्रियों और अवैध वाहनों पर रोडवेज कसेगा शिकंजा
एक दिन पहले
अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, अल सुबह तीन कॉम्पलेक्स सीज
एक दिन पहले