सऊदी अरब पर हूती हमलों के खिलाफ एक हुए पाकिस्तान और तुर्किये
पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार को त्रिपक्षीय मक्का रक्षा गठबंधन के शीर्ष अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति की समीक्षा की गई और यमन के ईरान समर्थित हूती मिलिशिया द्वारा सऊदी अरब पर किए जा रहे ‘‘लगातार और जघन्य’’ हमलों की निंदा की गई। पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने अगस्त में मक्का रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
यह समझौता सामूहिक प्रतिरोध का ढांचा तैयार करता है और इसमें प्रावधान है कि तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला सभी पर हमला माना जाएगा। गठबंधन के सर्वोच्च निर्णय लेने वाले निकाय रणनीतिक राजनीतिक एवं रक्षा समिति (एसपीडीसी) के तीसरे सत्र की बैठक इस्लामाबाद में हुई। इस अवसर पर शहर को तुर्किये, पाकिस्तान और सऊदी अरब के झंडों से सजाया गया था।
‘डॉन’ की खबर के अनुसार दो घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि तीनों देशों ने सामूहिक रक्षा, आपसी एकजुटता तथा संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान सहित समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘समिति ने क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति की समीक्षा की और शांति, सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए सामूहिक रूप से काम जारी रखने के तीनों देशों के संकल्प की पुष्टि की।’’ उन्होंने कहा कि समिति ने मक्का रक्षा गठबंधन की पिछली बैठक में लिये गए फैसलों को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा भी की। तीनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों तथा शीर्ष सैन्य अधिकारियों वाली इस समिति की पिछली दो बैठकें इस्तांबुल और रियाद में हुई थीं।
डार ने कहा कि तीनों देशों ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग और समन्वय बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श जारी रखने तथा क्षेत्रीय तनाव कम करने के प्रयासों का समर्थन करने और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि तीनों देशों ने यमन के हूतियों द्वारा सऊदी अरब में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर किए जा रहे ‘‘लगातार और जघन्य’’ हमलों की निंदा की। उन्होंने समझौते में शामिल ‘‘सामूहिक रक्षा प्रावधानों’’ के तहत सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रयास जारी रखने के अपने ‘‘सामूहिक संकल्प’’ को दोहराया।
और भी अंतरराष्ट्रीय की खबरें
और देखें
अमेरिका के साथ भारत का व्यापार समझौता पूरा होने के करीब-पीयूष गोयल
18 घंटे पहले
अमेरिकी अदालत ने नागरिकता संबंधी नई पाबंदियों पर लगाई रोक
26 नवम्बर 2026
ट्रंप चाहते हैं एनवीडिया जेन्सन हुआंग को करे 'री-हायर'
23 नवम्बर 2026
ईरान पर हमले से भड़क सकता है बड़ा क्षेत्रीय युद्ध, आईडीएफ की नेतन्याहू को चेतावनी
23 नवम्बर 2026
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री पहली बार भारत पहुंचे
20 नवम्बर 2026
ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक, परमाणु हथियारों से लेकर होर्मुज संकट तक हुई चर्चा
19 नवम्बर 2026