एसआईआर में कटे 31 लाख वोट, अब 11.47 लाख नए मतदाता जुड़े; 5.26 करोड़ के पार पहुंची संख्या
जयपुर, राजस्थान में मतदाताओं की संख्या में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। फरवरी 2026 में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद अब तक 11 लाख 47 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं। गुरुवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) 2027 के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 26 लाख 67 हजार 416 हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार, मतदाता सूची का पुनरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है। इसके लिए एक जनवरी 2027 को पात्रता की निर्धारित तारीख माना गया है। ड्राफ्ट सूची में 2 करोड़ 75 लाख पुरुष, 2 करोड़ 51 लाख महिलाएं और 584 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
एसआईआर से पहले राजस्थान में कुल 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 मतदाता थे। गहन पुनरीक्षण के बाद फरवरी 2026 में जारी अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 5 करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 रह गई थी। अब एसएसआर 2027 के ड्राफ्ट में 11 लाख 47 हजार 487 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस तरह प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या फिर 5.26 करोड़ के पार पहुंच गई है।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
ड्राफ्ट मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित की गई है। इसमें नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह का संशोधन कराने के लिए 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) 28 दिसंबर तक इनका निस्तारण करेंगे। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पात्र मतदाताओं से ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। जिनका नाम सूची में नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के पात्र होंगे। इसके अलावा एक अक्टूबर 2027 तक 18 वर्ष के होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
वेबसाइट और बीएलओ से देख सकेंगे नाम
मतदाता निर्वाचन विभाग की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास भी मतदान केंद्रवार ड्राफ्ट सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध रहेगी।
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इसकी प्रतियां उपलब्ध कराई हैं। प्रत्येक दल को बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी दी गई है। दावे और आपत्तियों के दौरान मिले आवेदनों की सूची हर सप्ताह ईआरओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शित की जाएगी। इन्हें विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ राजनीतिक दलों के साथ भी साझा किया जाएगा।
नाम जुड़वाने और सुधार के लिए ये फॉर्म भरें
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। ये आवेदन ECINet ऐप, वोटर्स सर्विस पोर्टल https://voters.eci.gov.in या संबंधित बीएलओ के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।
यदि कोई मतदाता ईआरओ के फैसले से संतुष्ट नहीं है तो वह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के तहत 15 दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील कर सकता है। जिला मजिस्ट्रेट के फैसले के खिलाफ भी आदेश मिलने के 15 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के यहां दूसरी अपील की जा सकती है।
एसआईआर और एसएसआर में मतदाताओं की संख्या
- एसआईआर से पहले: 5,46,56,215
- फरवरी 2026 में एसआईआर के बाद: 5,15,19,929
- एसएसआर 2027 की ड्राफ्ट सूची: 5,26,67,416
- एसआईआर के बाद अब तक बढ़े मतदाता: 11,47,487
और भी राजस्थान की खबरें
और देखें
'वसुंधरा राजे ने पकड़े थे सोनिया के पैर’-बेनीवाल कांग्रेस के साथ पूर्व सीएम पर जड़े गंभीर आरोप
7 घंटे पहले
सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ से बदल रही है जनसांख्यिकी - भजनलाल शर्मा
7 घंटे पहले
जयपुर एयरपोर्ट पर 55 करोड़ से बनेगा नया स्टेट टर्मिनल
एक दिन पहले
हर महिला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
11 नवम्बर 2026
एसीएस शिखर अग्रवाल ने जयपुर लौट जोइनिंग दी
11 नवम्बर 2026
राजस्थान विधानसभा:25 साल में सदन कभी नहीं हुआ पूरा!
11 नवम्बर 2026